YouTube Down Today: दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube को बुधवार को एक बड़े ग्लोबल आउटेज का सामना करना पड़ा। दुनियाभर में हजारों यूजर्स ने अचानक रिपोर्ट किया कि YouTube ठीक से काम नहीं कर रहा है। कई लोगों के सामने Playback Error, ब्लैंक स्क्रीन दिखाई दे रही थी, जबकि कुछ यूजर्स के वीडियो लोड ही नहीं हो रहे थे। जैसे ही यह दिक्कत शुरू हुई, सोशल मीडिया पर ‘is YouTube down right now’ और ‘YouTube playback error’ जैसे कीवर्ड्स तेज़ी से ट्रेंड करने लगे।

लाखों यूजर्स हुए प्रभावित
वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, यह समस्या शाम 7:12 बजे ET (लोकल टाइम) के आस-पास शुरू हुई और तेजी से बढ़ी। केवल अमेरिका में ही 3.66 लाख से अधिक यूजर्स ने शिकायत दर्ज की, जो बाद में बढ़कर 8 लाख से ज्यादा रिपोर्ट्स तक पहुँच गई।

Google (अल्फाबेट) के मालिकाना हक वाले YouTube के डाउन होने की खबरें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम (UK) जैसे देशों से सबसे ज्यादा आईं। यूजर्स ने शिकायत की कि वीडियो ओपन नहीं हो रहे, स्क्रीन ब्लैंक दिख रही है या केवल Error मैसेज फ्लैश हो रहा है।
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
YouTube में दिक्कत आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #YouTubeDown हैशटैग मिनटों में टॉप ट्रेंडिंग टॉपिक बन गया। यूजर्स की पोस्ट में जहां एक ओर झुंझलाहट और भ्रम था, वहीं दूसरी ओर मजेदार मीम्स और रिएक्शंस की बाढ़ आ गई।
कई यूजर्स ने लिखा कि पहले उन्हें लगा कि यह दिक्कत उनके इंटरनेट कनेक्शन की वजह से है, लेकिन जब देखा कि यह एक ग्लोबल इश्यू है, तो उन्होंने मीम्स शेयर करके अपनी भड़ास निकाली।
YouTube ने दी अपनी प्रतिक्रिया
यूजर रिपोर्ट्स की गंभीरता को देखते हुए YouTube को जल्द ही आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा। YouTube Help के ऑफिशियल X अकाउंट ने कन्फर्म किया कि कंपनी इस समस्या से वाकिफ है और इसे सुलझाने की कोशिश कर रही है।
YouTube ने पोस्ट में लिखा, “हम जानते हैं कि आप में से कुछ लोगों को YouTube, YouTube Music या YouTube TV पर वीडियो देखने में दिक्कत आ रही है। हमारी टीम इस समस्या की जांच कर रही है और जैसे ही नया अपडेट मिलेगा, हम यहां शेयर करेंगे।”
हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह परेशानी सर्वर से जुड़ी है या किसी अन्य टेक्नोलॉजी गड़बड़ी की वजह से आई है। YouTube ने सर्विस सामान्य होने की कोई निश्चित टाइमलाइन नहीं दी है, लेकिन आश्वासन दिया है कि उनकी टीम इस दिक्कत को जल्द से जल्द सुलझाने में जुटी हुई है।










