Income Tax ITR Filing Date:आयकर विभाग ने करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए आईटीआर (Income Tax Return) दाखिल करने की अंतिम तिथि एक दिन के लिए बढ़ा दी है। अब वित्त वर्ष 2024-25 (आकलन वर्ष 2025-26) के लिए आयकर रिटर्न 16 सितंबर 2025 तक भरा जा सकता है। इससे पहले अंतिम तिथि 15 सितंबर 2025 निर्धारित की गई थी।

क्यों बढ़ाई गई ITR फाइलिंग की तारीख?
इस फैसले के पीछे बड़ी वजह ई-फाइलिंग पोर्टल पर तकनीकी गड़बड़ियां रही हैं। 15 सितंबर की रात को सोशल मीडिया पर कई चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) और करदाताओं ने शिकायत की कि पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है, AIS डाउनलोड और टैक्स पेमेंट में दिक्कत आ रही है। साथ ही, कुछ उपयोगकर्ता पोर्टल में लॉगिन भी नहीं कर पा रहे थे।

इन समस्याओं को देखते हुए, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने ITR फाइलिंग की समयसीमा को एक दिन के लिए बढ़ाकर 16 सितंबर कर दिया। विभाग ने यह भी बताया कि 16 सितंबर को सुबह 12 बजे से 2:30 बजे तक पोर्टल मेंटेनेंस मोड में रहेगा।
7 करोड़ से अधिक ITR पहले ही दाखिल
आयकर विभाग ने बताया कि अब तक 7 करोड़ से ज्यादा आईटीआर दाखिल किए जा चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। विभाग ने बचे हुए करदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख से पहले अपना रिटर्न जरूर फाइल करें।
कौन कर सकते हैं ITR फाइल?
यह राहत व्यक्तियों, हिंदू अविभाजित परिवारों (HUFs) और उन करदाताओं को दी गई है, जिन्हें अपने खातों का ऑडिट नहीं कराना होता। पहले इन करदाताओं के लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 थी, जिसे बढ़ाकर 15 सितंबर और अब 16 सितंबर कर दिया गया है।
फर्जी खबरों से रहें सावधान
14 सितंबर की रात सोशल मीडिया पर एक फर्जी बयान वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि ITR फाइलिंग की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025 तक बढ़ा दी गई है। आयकर विभाग ने इसे गलत बताया और करदाताओं से अपील की कि वे केवल इनकम टैक्स इंडिया के आधिकारिक हैंडल या वेबसाइट पर भरोसा करें।
आयकर विभाग का हेल्पडेस्क कर रहा है मदद
करदाताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयकर विभाग की हेल्पडेस्क टीम लगातार काम कर रही है। करदाता ई-फाइलिंग से जुड़ी समस्याओं के लिए फोन, लाइव चैट, वेबएक्स सेशन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे एक्स) के जरिए मदद ले सकते हैं।
आईटीआर फाइल करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 सितंबर 2025 कर दी गई है। जिन लोगों ने अब तक अपना रिटर्न दाखिल नहीं किया है, उनके पास अब एक और दिन है। तकनीकी दिक्कतों और बढ़ते लोड को देखते हुए यह कदम स्वागतयोग्य है।
Read More : Railway Ticket New Rule: 1 अक्टूबर से जनरल टिकट बुकिंग में भी आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य: जानें नया नियम










