JP Nadda Bareilly Rally : उत्तर प्रदेश के बरेली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। वह यहां आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, लोकतंत्र हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया। नड्डा ने कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहा है।
गुरुग्राम का उदाहरण देकर वोट कटने पर दी सफाई
जेपी नड्डा ने वोटर लिस्ट में नाम हटाए जाने के मुद्दे पर गुरुग्राम का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि वहां बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया था। जांच के दौरान जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, वे संबंधित पते पर मौजूद नहीं मिले।

नड्डा ने आरोप लगाया कि गुरुग्राम में घरेलू काम करने वाली कई महिलाएं रातोंरात अपने घरों से गायब हो गई थीं। उनके मुताबिक, जांच में पता चला कि कुछ लोग मुर्शिदाबाद से पहचान पत्र बनवाकर आए थे और सत्यापन शुरू होने पर वहां से चले गए। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों के नाम फर्जी या डुप्लीकेट मतदान की आशंका के चलते हटाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि SIR के दौरान मृत व्यक्तियों के नाम भी मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

राहुल गांधी पर बोले- मधुमक्खी के छत्ते में हाथ डाल दिया
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि उन्होंने SIR का मुद्दा उठाकर मधुमक्खी के छत्ते में हाथ डाल दिया है। नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सत्ता का संचालन घुसपैठियों के हाथों में नहीं हो सकता।
बीजेपी नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे बयानों को पसंद नहीं करती और चुनावों में विपक्षी दलों को इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में भी कांग्रेस को नकार देगी।

पश्चिम बंगाल के आंकड़ों को लेकर ममता बनर्जी पर हमला
जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि सीमावर्ती नौ जिलों में मतदाताओं की संख्या में असामान्य वृद्धि हुई है। नड्डा के मुताबिक, कुछ क्षेत्रों में वोटरों की संख्या 70 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत तक पहुंच गई।
उन्होंने उत्तर दिनाजपुर और मालदा-मुर्शिदाबाद का जिक्र करते हुए आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्रों को लेकर भी सवाल उठाए। नड्डा ने कहा कि विपक्ष एक तरफ चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाता है, जबकि उसे पहले मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं पर जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस और सपा को जनता के बीच जाने की नसीहत
जेपी नड्डा ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि विपक्षी दलों को बार-बार वोट चोरी का मुद्दा उठाने के बजाय जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के लंबे समय से कई राज्यों की सत्ता से बाहर रहने का जिक्र किया और कहा कि जनता ने विपक्षी दलों को बार-बार चुनावों में नकारा है।
विपक्षी नेताओं पर लगाए राजनीतिक आरोप
नड्डा ने इंडिया गठबंधन के नेताओं पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों और जमानत पर बाहर रहने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव समेत कई नेताओं का नाम लेते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए। ममता बनर्जी और महबूबा मुफ्ती की चुनावी हार का भी जिक्र किया। उनके बयान के बाद SIR और वोट चोरी का मुद्दा एक बार फिर यूपी की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


