Bhagalpur Accident: बिहार के भागलपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 5 कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ये श्रद्धालु पिकअप वाहन से गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज जा रहे थे। रास्ते में गाड़ी में करंट फैल गया, जिससे जान बचाने के लिए सभी कांवड़िए 30 फीट नीचे पानी में कूद पड़े। दुर्भाग्यवश, पिकअप भी उनके ऊपर गिर गई।

घायल ने बताया हादसे का मंजर
हादसे में बचे घायल कांवड़िए अभिषेक ने बताया कि वे कुल 9 लोग थे जो पिकअप से सुल्तानगंज जा रहे थे। वहां गंगा जल लेकर वे जेठौर नाथ मंदिर में पूजा करने की योजना बना रहे थे। बेलथू के पास ऑटो को ओवरटेक करते समय अचानक गाड़ी में करंट फैल गया। जैसे ही खतरे का एहसास हुआ, सभी लोग जान बचाने के लिए पानी में कूद गए, लेकिन ऊपर से गाड़ी गिर गई और कई लोग उसके नीचे दब गए।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से पिकअप को निकालने की कोशिश की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में डूबे लोगों को तलाशा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक चला।
मृतकों की पहचान हुई
इस हादसे में मरने वालों की पहचान संतोष कुमार (18), मनोज कुमार (24), विक्रम कुमार (23) – सभी निवासी पुरानी खेरही बाजार, और अंकुश कुमार (18), रवीश कुमार उर्फ मुन्ना (18) – दोनों कसवा खेरही निवासी के रूप में हुई है। चार अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने शाहकुंड-असरगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाने की कोशिश की।
प्रशासन ने माना लापरवाही से हुई घटना
शाहकुंड थानेदार जगन्नाथ शरण ने कहा कि यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि लोग सड़क पर विरोध में जुट रहे हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के साथ मिलकर लोगों को शांत करने की कोशिश की जा रही है।
कांवड़ यात्रा में सुरक्षा पर फिर उठा सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर साल गंगा जल लेने निकलते हैं, लेकिन यात्रा मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण अक्सर इस तरह के हादसे होते हैं।
पांच युवाओं की असमय मौत से गांव में मातम का माहौल है। प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर लोगों में आक्रोश है। परिजन अब न्याय और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।










