Kharge Diwali-Eid Remark : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दीपावली को लेकर की गई टिप्पणी ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। खड़गे द्वारा दीपावली की तुलना ‘खुशियों की ईद’ से किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया। बीजेपी नेताओं ने इसे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए तुष्टिकरण की राजनीति बताया है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने अपने अध्यक्ष का बचाव करते हुए कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि यह एक मुहावरे के तौर पर कही गई बात थी।
गौरव भाटिया ने पूछा- दिवाली को दिवाली कहने में परेशानी क्यों?
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से खड़गे के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि हिंदुओं के प्रमुख त्योहार दीपावली को उसके वास्तविक नाम से संबोधित करने में आखिर क्या परेशानी है? भाटिया ने कहा कि ईद का अपना महत्व है और दीपावली की अपनी धार्मिक पवित्रता है।उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि क्या राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कभी ईद को ‘खुशियों की दिवाली’ कहने का साहस दिखाएंगे? बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि धर्मनिरपेक्षता के नाम पर हिंदू त्योहारों की पहचान बदलने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली की अपनी अलग पहचान और परंपरा है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।

गिरिराज सिंह ने खड़गे को बताया गांधी परिवार का मुखपत्र
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने खड़गे को राहुल गांधी और गांधी परिवार का लाउडस्पीकर बताते हुए आरोप लगाया कि वह वही बातें दोहराते हैं, जो उन्हें बताई जाती हैं। सिंह ने कांग्रेस पर लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने की कोशिश करती है और हिंदू समाज को बांटने का काम करती है। गिरिराज सिंह ने गाजियाबाद में दिवाली के दौरान हुए कथित बम विस्फोट का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हिंदू त्योहारों और धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।

संजय सरावगी ने लगाया वोट बैंक की राजनीति का आरोप
बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना में खड़गे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस हिंदुओं के प्रमुख त्योहार को भी राजनीतिक विवाद का विषय बना रही है।सरावगी ने कहा कि दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताना सामान्य भूल नहीं, बल्कि हिंदुओं की आस्था का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या पार्टी के नेता दूसरे धर्मों के त्योहारों की तुलना भी इसी तरह दीपावली से कर सकते हैं?
राम कदम और शिवसेना ने भी कांग्रेस को घेरा
बीजेपी प्रवक्ता राम कदम ने खड़गे की टिप्पणी को ओछी वोट बैंक राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दीपावली जैसे सनातन पर्व को भी राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करना चाहती है। उनके मुताबिक, इस तरह के बयान हिंदू समुदाय की भावनाओं को आहत कर सकते हैं।वहीं, शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की आलोचना की। उन्होंने इसे करोड़ों हिंदुओं और सनातन धर्म को मानने वाले लोगों का अपमान बताते हुए मुस्लिम वोट बैंक के तुष्टिकरण का उदाहरण बताया।

कांग्रेस ने बीजेपी पर किया पलटवार, बयान को बताया मुहावरा
बीजेपी नेताओं के आरोपों पर कांग्रेस ने भी जवाब दिया। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी की आलोचना करते हुए कहा कि खड़गे ने अपनी बात मुहावरे के तौर पर कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर इस टिप्पणी को विवाद का रूप दे रही है।दिल्ली में कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी खड़गे का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि खुशी जाहिर करने के लिए ईद का उदाहरण देना धर्मनिरपेक्ष सोच को दर्शाता है। अल्वी के मुताबिक, दीपावली और ईद दोनों ही खुशियों के त्योहार हैं। उन्होंने प्रदूषण पर तंज कसते हुए कहा कि ईद के दौरान AQI नहीं बढ़ता। इस बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
Read More : Diwali in USA: ममदानी ने बनाई रंगोली, अब्दुल अल सैयद ने जलाए दीये


