Balrampur News : बलरामपुर रामानुजगंज जिले के थाना बलरामपुर क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया। घने जंगल में पेड़ से फांसी पर लटका मिला शव आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चरित्र शंका को लेकर पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और बाद में साक्ष्य छुपाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। मामले में पति सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जंगल में फांसी पर लटका मिला था शव
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 की शाम ग्राम झपरा निवासी अनिल खलखो की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। ग्राम झपरा लातापानी के घने जंगल में एक महिला का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट और खरोंच के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत हत्यात्मक प्रकृति की है। मृतिका की पहचान बंधनी (50), निवासी ग्राम झपरा के रूप में हुई।
चरित्र शंका बना हत्या की वजह
मर्ग जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतिका का पति गुना राम (58) अक्सर पत्नी के घर से बाहर जाने और देर से लौटने को लेकर नाराज रहता था। घटना के दिन भी महिला बाजार गई थी और रात में घर नहीं लौटी थी। अगले दिन लौटने पर पति ने गुस्से में उसे धक्का देकर गिराया और बांस के डंडे, हाथ-पैर से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव को फांसी पर लटकाकर रची साजिश
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने सहयोगी लखन कुम्हरिया (50) के साथ मिलकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। दोनों ने मिलकर शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने धारा 103(1), 238, 3(v) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।


















