अंबिकापुर @thetarget365 सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करजी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पुराने कच्चे मकान को तोड़कर नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले में दरिमा पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार, मृतक अर्जुन मंझवार और घायल नवा राम दोनों मैनपाट विकासखंड के ग्राम कदनई के निवासी हैं। ये मजदूर ग्राम करजी निवासी दिनेश कुशवाहा के यहां अन्य मजदूरों के साथ मजदूरी करने आए थे। बताया जा रहा है कि लगभग 11 फीट ऊंची मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से अर्जुन मंझवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नवा राम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद दोनों को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। नवा राम की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।मामले की जानकारी मिलते ही दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।