अंबिकापुर @thetarget365 नगर को स्वच्छ, सुंदर और अनुशासित बनाने की दिशा में अंबिकापुर नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में हुई मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक में नागरिक व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए।

एमआईसी की बैठक में तय किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर या पम्पलेट्स चिपकाने वालों पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, सड़क पर गाड़ी धोने या बेवजह पानी बहाने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा। निगम के कर्मचारी ऐसे मामलों का वीडियो बनाकर साक्ष्य जुटाएंगे और फिर कार्रवाई की जाएगी।
नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सड़कों पर कचरा फेंकने वालों पर भी 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। पूजा सामग्री के समुचित विसर्जन के लिए मंदिरों और तालाबों पर कलश निर्माण कराया जाएगा।
बैठक में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 40 अतिरिक्त प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई। साथ ही, नमनाकला वार्ड क्रमांक 14 में नई पानी टंकी के निर्माण और ग्रेविटी मेनलाइन विस्तार कार्य की स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, पुल-पुलिया और सीसी रोड निर्माण/मरम्मत जैसे जरूरी कार्यों हेतु आमंत्रित निविदाओं पर भी विचार किया गया। महात्मा गांधी स्टेडियम और निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण अनुबंध को विस्तारित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, सुखद सहारा योजना और मुख्यमंत्री पेंशन योजनाओं के प्राप्त आवेदन पत्रों को स्वीकृति दी गई। साथ ही, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत भी आवेदनों को मंजूरी दी गई।
इस अहम बैठक में महापौर मंजूषा भगत के साथ सभी MIC सदस्य व निगम कमिश्नर सहित अधिकारी उपस्थित रहे और नगर की बेहतरी के लिए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।


















