Nuapada Attack: ओडिशा के नुआपड़ा जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुनाबेड़ा अभ्यारण्य क्षेत्र के जोगमुंड पाड़ा गांव में एक व्यक्ति ने तीर-कमान से अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला और उसका 10 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, वहीं एक अन्य ग्रामीण को भी गंभीर चोटें आई हैं।
मासूम की पीठ में 6 इंच धंसा तीर
हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मासूम संतोष के शरीर में तीर 6 इंच तक अंदर घुस गया। तीर की गंभीर चोट के चलते बच्चा दर्द से कराहता रहा। गांववालों ने तुरंत उसे चारपाई पर लादकर अस्पताल तक पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि संतोष की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। उसकी मां को भी गंभीर चोटें आई हैं।
हमलावर की पहचान, जंगल में छिपा
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमला करने वाला व्यक्ति लालधर पहाड़िया है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद जंगल की ओर भाग गया। बताया जा रहा है कि लालधर और लोगों पर भी हमला करने की फिराक में था। हालांकि, हमले के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
एक और घायल, खतरे से बाहर
तीसरे घायल व्यक्ति की पहचान मंगालू पहाड़िया के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक इलाज के लिए सुनाबेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके शरीर से तीर सफलतापूर्वक निकाल दिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
इस सनसनीखेज घटना के बाद गांव में खौफ और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लालधर मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है या किसी निजी रंजिश के चलते उसने यह हमला किया हो, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जोगमुंड पाड़ा गांव की यह घटना ओडिशा में ग्रामीण सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर सवाल खड़े करती है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और हमलावर को जल्द पकड़कर पीड़ितों को न्याय दिलाता है या नहीं।
Read More : Indian Air Force : भारतीय वायुसेना को मिलेगा ताकतवर इंजन, GE-404 सौदे से बढ़ेगी LCA मार्क 1A की मारक क्षमता