Mumbai Heavy Rain : आर्थिक राजधानी मुंबई में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मानखुर्द इलाके में एक दुखद हादसे में तीन मंजिला ‘चॉल’ का स्लैब ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। वहीं, शहर में भारी बारिश के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं और जिला प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों व कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है।

मानखुर्द में हादसा: मलबे में दबे लोग
हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के जनता नगर स्थित चॉल नंबर-5 में हुआ। जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए, जिससे वहां रह रहे लोग मलबे के नीचे दब गए।

शताब्दी अस्पताल के डॉक्टर पटेल के अनुसार, अस्पताल लाए गए पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति की मौत की पुष्टि के साथ इस घटना में मरने वालों का कुल आंकड़ा 6 हो गया है। दमकल विभाग, पुलिस और बीएमसी की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अभी भी 4-5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
कुर्ला में पेड़ गिरने से एक और मौत
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कुर्ला (पश्चिम) में भी एक जानलेवा हादसा हुआ। कमानी स्थित गोम्स गाउन बिल्डिंग के पास एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई। मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने पीड़ित परिवार के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
मुंबई में भारी बारिश: ऑरेंज अलर्ट और अवकाश
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुंबई में 265 मिमी और उपनगरों में 227 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के सभी सरकारी और निजी स्कूलों-कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है।
हवाई सेवाएं प्रभावित
लगातार बारिश का असर मुंबई एयरपोर्ट पर भी पड़ा है। रनवे ऑपरेशन को एक घंटे के लिए रोकना पड़ा, जिसके चलते इंडिगो की 4 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और रविवार को कुल 13 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।
नवी मुंबई में जलभराव और सांपों का खतरा
भारी बारिश से नवी मुंबई के चिरनेर गांव में भीषण जलभराव हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे दो दिनों से घुटनों तक भरे पानी में रहने को मजबूर हैं। जलभराव के चलते सांपों का खतरा बढ़ गया है, स्थानीय लोगों के अनुसार उन्होंने पिछले 24 घंटों में 10 से 12 सांप मारे हैं।
Read More : Mor Pankh Benefits: राहु दोष से राहत के लिए मोरपंख के आसान उपाय, जानिए धार्मिक मान्यताएं











