Mumbai heavy rain : मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में पानी घरों और दफ्तरों तक घुस गया है। अंधेरी, कुर्ला और चेंबूर जैसे इलाकों में शुक्रवार रात लगातार 4 घंटे तक रिकॉर्ड बारिश हुई, जिसके बाद हालात और गंभीर हो गए। सड़कों पर जलजमाव से यातायात ठप है और रेलवे स्टेशन व ट्रैक पर भी पानी भर गया है।

रिकॉर्ड बारिश दर्ज, सांताक्रूज-कोलाबा में हालात खराब
मौसम विभाग के अनुसार, सांताक्रूज में 24 घंटे के भीतर 11.5 मिलीमीटर और कोलाबा में 45.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मानसून की शुरुआत से अब तक सांताक्रूज में कुल 1435.7 मिलीमीटर और कोलाबा में 1119.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि इस बार की बरसात ने मुंबईकरों को खासा परेशान किया है।

IMD का अलर्ट: मुंबई-ठाणे में ऑरेंज, रायगढ़ में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है। 16 और 17 अगस्त को मुंबई और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायगढ़ जिले में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कोंकण-गोवा, उत्तर कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भी मूसलाधार बारिश हो सकती है।

कम दबाव का क्षेत्र और ट्रफ लाइन से बढ़ा खतरा
मौसम विभाग की मुंबई प्रादेशिक चीफ शुभांगी भूटे ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिम बंगाल से पूर्वी-मध्य अरब सागर तक फैली ट्रफ लाइन के कारण कोंकण क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसी कारण रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य जिलों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखा है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।
Read More : Trump on India: रूस से तेल खरीद पर ट्रंप का दावा: “भारत अब रूस का बड़ा ग्राहक नहीं रहा”











