अंबिकापुर @thetarget365 नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान के तहत कांग्रेस ने घड़ी चौक पर एक विशाल जनसभा आयोजित की। जिसमें नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इस मौके पर डॉ. महंत ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को हीरे जैसे जनप्रतिनिधि की जरूरत है और आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ेगी तथा सरकार बनाएगी।
“टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ेगी कांग्रेस” – डॉ. महंत
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा की 14 महीने की सरकार में मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे, लेकिन टीएस सिंहदेव और अंबिकापुर के मेयर डॉ. अजय तिर्की की छवि बेदाग रही। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अजय तिर्की तीसरी बार अंबिकापुर के मेयर बनेंगे।
“कांग्रेस ने शहर को चांद-तारों तक पहुंचाया” – टीएस सिंहदेव
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस शासित नगर निगम ने अंबिकापुर में कई विकास कार्य किए, जिनमें स्वच्छता के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाना, 5-स्टार राशन दुकानों की स्थापना, थोक सब्जी मंडी का निर्माण और गांधी मैदान में खेल सुविधाओं का विस्तार शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस के कामों का श्रेय लेने की कोशिश की और जनता को गुमराह किया।
“भाजपा के पास विजन नहीं, चरित्र हनन कर रही” – अजय तिर्की
कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की ने भाजपा पर नकारात्मक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भाजपा मेरा चरित्र हनन करने के लिए पोस्टर वार कर रही है, लेकिन अगर उनके आरोप साबित हो जाते हैं, तो मैं खुद अपनी दावेदारी वापस ले लूंगा।”
“स्वच्छता अभियान में देशभर में मॉडल बना अंबिकापुर”
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद ने कांग्रेस सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में स्वच्छता अभियान के तहत हरे और नीले डस्टबिन का उपयोग अंबिकापुर मॉडल पर आधारित है।
सभा में सहप्रभारी जरीता लैतफलांग, पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
निगम चुनाव में गरमाई सियासत
नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। जहां कांग्रेस अपने विकास कार्यों को भुनाने में जुटी है, वहीं भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के आरोप लगा रही है। चुनावी नतीजों पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।