अंबिकापुर @thetarget365 संविधान, लोकतंत्र और बहुजन समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से 9 अप्रैल 2025 को देशभर में ‘राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन’ किया जाएगा। यह आंदोलन भारत मुक्ति मोर्चा, बहुजन क्रांति मोर्चा, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा समेत कई संगठनों के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
इस आंदोलन का नेतृत्व राष्ट्रीय स्तर पर वामन मेश्राम (राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारत मुक्ति मोर्चा एवं राष्ट्रीय संयोजक, बहुजन क्रांति मोर्चा) तथा चौधरी विकास पटेल (राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा) द्वारा किया जाएगा। यह आंदोलन देश के लगभग 500 जिलों में एक साथ आयोजित किया जाएगा, जिसमें बहुजन समाज के हजारों संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इसी कड़ी में अंबिकापुर में आज एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में भारत मुक्ति मोर्चा के जिला संयोजक अरविंद कछप ने बताया कि यह आंदोलन OBC आरक्षण की सुरक्षा, EVM मशीन पर प्रतिबंध, शिक्षा व रोजगार में समान अवसर, निजीकरण पर रोक और लोकतंत्र की रक्षा जैसे अहम मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं की अनदेखी से संविधान के मूल तत्वों पर खतरा मंडरा रहा है। इस आंदोलन के माध्यम से बहुजन समाज अपनी आवाज बुलंद करेगा और अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग को सामने रखेगा।
9 अप्रैल को जिले में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पर एकत्रित होंगें। और वहाँ से गांधी चौक होते हुए पहले घड़ी चौक फिर कलेक्टोरेट पहुँच गिरफ्तारी देंगे। गिरफ्तारी के साथ ही वे सभी सरकार को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने का संदेश देंगे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद भी मौजूद थे।