अमेरिका और दुनिया के कई देशों के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन भारत समेत कई देशों पर नए आयात शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने भारत और सात अन्य देशों के उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्ताव में एशियाई देशों के अलावा यूरोप और अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदारों को भी शामिल किया गया है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
भारत समेत आठ देशों पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ का प्रस्ताव
USTR के प्रस्ताव के मुताबिक भारत, कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड समेत आठ देशों पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है। इसके अलावा बांग्लादेश, यूरोपीय संघ (EU), जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर के लिए 20 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। वियतनाम के उत्पादों पर अधिकतम 35 प्रतिशत और चीन के उत्पादों पर 40 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की योजना सामने आई है।

चीन पर पहले से लागू शुल्क के ऊपर लगेगा अतिरिक्त टैरिफ
इस प्रस्ताव में चीन को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के मुताबिक चीन के लिए प्रस्तावित शुल्क पहले से लागू टैरिफ के अतिरिक्त 20 प्रतिशत होगा। हालांकि, शुरुआती प्रस्तावित दरों और अंतिम अधिकतम दरों में अंतर भी बताया गया है। कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड और बांग्लादेश के लिए अधिकतम टैरिफ सीमा 18 प्रतिशत निर्धारित करने की बात कही गई है। वहीं दक्षिण कोरिया, ताइवान, यूरोपीय संघ, जापान और स्विट्जरलैंड के लिए यह सीमा 15 प्रतिशत होगी। इसमें मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) ड्यूटी शामिल नहीं है।

चीन के साथ ट्रेड वॉर नहीं, स्थिरता चाहता है अमेरिका
टैरिफ प्रस्ताव के बीच अमेरिका और चीन के संबंधों को लेकर भी अहम बयान सामने आया है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका जानता है कि चीन को ये कदम पसंद नहीं आएंगे, लेकिन वाशिंगटन बीजिंग के साथ स्थिर संबंध बनाए रखना चाहता है। अधिकारी के मुताबिक, चीन भी अमेरिका के साथ स्थिरता चाहता है। उन्होंने पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात को भी बेहद अच्छा बताया।इससे पहले चीन ने एक बार फिर ट्रेड वॉर का विरोध किया था। बीजिंग ने अपने देश में जरूरत से ज्यादा उत्पादन यानी ओवरकैपेसिटी के अमेरिकी आरोपों को खारिज किया। हालांकि, चीन की ओर से इस मामले में किसी नई जवाबी कार्रवाई की धमकी नहीं दी गई।
आखिर अमेरिका दूसरे देशों पर टैरिफ क्यों बढ़ाना चाहता है?
ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि कुछ देश अपने घरेलू उद्योगों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर रहे हैं। इसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पादों की आपूर्ति बढ़ती है और अमेरिकी कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में नुकसान उठाना पड़ता है। अमेरिका का मानना है कि कई विदेशी कंपनियों को उनकी सरकारों से सब्सिडी मिलती है, जिससे उन्हें अमेरिकी उत्पादकों के मुकाबले अनुचित फायदा मिलता है।

इसी चिंता के आधार पर मार्च में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ जांच शुरू की थी। इस जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि सरकारी सहायता और सब्सिडी के कारण विदेशी कंपनियां अमेरिकी बाजार में अनुचित व्यापारिक लाभ तो नहीं उठा रही हैं।
ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत हो रही जांच
अमेरिका की यह जांच ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 (Section 301) के तहत की जा रही है। इस कानून के अंतर्गत अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि को उन देशों के खिलाफ टैरिफ लगाने और अन्य दंडात्मक कदम उठाने का अधिकार मिलता है, जिनकी व्यापारिक गतिविधियों को अनुचित माना जाता है।USTR की विशेष 301 रिपोर्ट में बौद्धिक संपदा (IP) अधिकारों की सुरक्षा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की जाती है। इसका उद्देश्य अमेरिकी निर्यातकों के साथ-साथ दूसरे देशों के घरेलू उद्योगों के लिए भी अनुकूल व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा देना है।
जनवरी तक हो सकता है अंतिम फैसला
अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, प्रस्तावित टैरिफ पर अंतिम कार्रवाई जनवरी तक हो सकती है। फिलहाल ये प्रस्ताव सार्वजनिक प्रतिक्रिया और समीक्षा की प्रक्रिया के अधीन हैं। इस दौरान संबंधित देश अपनी आपत्तियां और सुझाव पेश कर सकते हैं। आगे होने वाली बातचीत के आधार पर टैरिफ की दरों में बदलाव भी संभव है। ब्राजील के लिए प्रस्तावित टैरिफ बदलाव पर 14 जनवरी 2027 को सुनवाई निर्धारित की गई है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि अमेरिका अपने प्रस्ताव को किस अंतिम रूप में लागू करता है और भारत समेत प्रभावित देशों की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

