अंबिकापुर @thetarget365 सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे 130 लगातार हादसों का गवाह बनता जा रहा है। बीते दो दिनों में अलग-अलग स्थानों पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहनों की चपेट में आकर दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ताजा मामला अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग का है, जहां उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एमपी ढाबे के पास एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा सोमवार रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब महिला ढाबे से खाना लेकर वापस लौट रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना की आवाज सुनते ही ढाबे से लोग बाहर निकले तो देखा कि महिला खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ी थी। सूचना पर 112 वाहन मौके पर पहुंचा और उसे उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इसी तरह रविवार रात लखनपुर जनपद कार्यालय में कार्यरत भृत्य महेंद्र दास 33 वर्ष की बाइक को भी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी। वे रात करीब 11 बजे अपने घर लौट रहे थे, तभी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
लगातार हो रहे इन हादसों ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है और न ही पर्याप्त सड़क सुरक्षा संकेतक लगाए गए हैं। अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इन घटनाओं से सबक लेकर त्वरित कार्रवाई करेगा।