Operation Sindoor : भारत और चीन के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा को लेकर अमेरिका की एक अहम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी संसद के अंतर्गत काम करने वाले ‘यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन’ (USCC) ने अपनी 2026 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन का समर्थन भारत की बढ़ती सैन्य और क्षेत्रीय ताकत को सीमित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा था। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन सैन्य, आर्थिक और समुद्री क्षेत्रों में भारत पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को मिला चीनी सहयोग
रिपोर्ट में बताया गया है कि अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया। अमेरिकी आयोग का कहना है कि इस घटनाक्रम ने दिखाया कि चीन सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना भी संकट के समय पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को मजबूत कर सकता है।

चीनी इंजीनियर ने पाकिस्तान में तकनीकी सहायता देने की बात मानी
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने संघर्ष के दौरान चीन से खरीदे गए आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया था। मई 2026 में चीन के सरकारी प्रसारक CCTV पर प्रसारित एक इंटरव्यू में एविएशन इंडस्ट्री कॉरपोरेशन (AVIC) के इंजीनियर झांग हेंग ने बताया था कि उन्होंने अन्य चीनी कर्मचारियों के साथ मई 2025 के संघर्ष के दौरान पाकिस्तान में तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई थी। वहीं, भारतीय सैन्य अधिकारियों ने चीन की ओर से पाकिस्तान को खुफिया और सैटेलाइट जानकारी दिए जाने की आशंका जताई थी। हालांकि, इस संबंध में चीन ने स्पष्ट पुष्टि या खंडन नहीं किया।

भारत के सामने बढ़ा टू-फ्रंट युद्ध का खतरा
USCC ने चेतावनी दी है कि चीन और पाकिस्तान की बढ़ती रणनीतिक साझेदारी भारत के लिए दो मोर्चों पर एक साथ सैन्य चुनौती खड़ी कर सकती है। ऐसी स्थिति में भारत को अपनी सुरक्षा व्यवस्था, सैन्य संसाधनों और आर्थिक प्राथमिकताओं के बीच संतुलन बनाना पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन भारत को रोकने के लिए केवल सैन्य दबाव नहीं बना रहा, बल्कि आर्थिक निर्भरता को भी रणनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है।
व्यापार और तकनीक के जरिए भारत पर दबाव
अमेरिकी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन महत्वपूर्ण औद्योगिक उपकरणों, तकनीक और कच्चे माल की आपूर्ति पर अपनी मजबूत पकड़ का इस्तेमाल कर रहा है। कुछ भारतीय कंपनियों से चीनी आपूर्ति से बने उत्पादों को अमेरिका में दोबारा निर्यात नहीं करने का प्रमाणपत्र भी मांगा गया था। हालांकि, बाद में अमेरिका-चीन व्यापार वार्ताओं के दौरान इस शर्त को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा, सस्ती कीमतों के माध्यम से भारतीय फार्मा उद्योग की नई उत्पादन क्षमताओं को प्रभावित करने की कोशिशों का भी उल्लेख किया गया है।

हिंद महासागर में चीन की बढ़ती नौसैनिक गतिविधियां
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन हिंद महासागर में अपनी नौसैनिक और निगरानी गतिविधियों का विस्तार कर रहा है। तनाव के दौरान भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के आसपास उन्नत सेंसर से लैस सर्वेक्षण जहाजों की तैनाती को भी रणनीतिक दबाव के रूप में देखा गया है। इससे समुद्री मार्गों और भारत के क्षेत्रीय प्रभाव को चुनौती मिल सकती है।
अमेरिका ने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की दी सलाह
अमेरिकी आयोग ने भारत को एशिया में चीन के प्रभाव को संतुलित करने वाली महत्वपूर्ण ताकत बताया है। रिपोर्ट में अमेरिका को भारत के साथ नियमित सैन्य अभ्यासों से आगे बढ़कर खुफिया जानकारी साझा करने, हिंद महासागर में समुद्री निगरानी और रक्षा तकनीक में सहयोग बढ़ाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही रक्षा विनिर्माण, महत्वपूर्ण सप्लाई चेन और नेतृत्व विकास के लिए इंडो-अमेरिकन स्ट्रैटेजिक लीडरशिप एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने की सिफारिश की गई है।
Read more : Bihar Road Accident : बिहार में बारातियों की स्कॉर्पियो को हाइवा ने मारी टक्कर, चार की मौत

