Regional school sports : शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत 30 जुलाई को संभाग स्तरीय विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सरगुजा, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB), जशपुर तथा बलरामपुर जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हुए। आयोजन में बालक-बालिका वर्गों के जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो (14, 17, 19 वर्ष), क्रिकेट (बालक 19 वर्ष), कुरास (14, 17, 19 वर्ष), रग्बी (14 वर्ष), भारोत्तोलन (17, 19 वर्ष) तथा फेंसिंग (14, 17 वर्ष) जैसी प्रतिस्पर्धाओं का सफल संचालन किया गया।

प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। चयनित खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस आयोजन को संभाग के उत्कृष्ट व्यायाम शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में संपन्न कराया गया। साथ ही विभिन्न खेल संघों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संभागीय संयुक्त संचालक संजय गुप्ता और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


















