PM Modi in Ajmer: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर स्थित कायड़ विश्रामस्थली से ‘ह्यूमन पैपिलोमा वायरस’ (HPV) टीकाकरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक पहल के तहत सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़कियों को बचाने के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मनीषा रावत, भूमिका और पूर्वी अग्रवाल जैसी छात्राओं को टीका लगाया गया। प्रधानमंत्री ने न केवल इन बच्चियों से स्वास्थ्य और शिक्षा पर संवाद किया, बल्कि उनसे टीके के महत्व के बारे में भी पूछा। उन्होंने युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी सौंपे, जो युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कांग्रेस पर तीखा हमला: INC अब बन गई है ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस अब वह पुरानी इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं रही, बल्कि ‘MMC’ यानी ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’ बन गई है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी लगातार हो रही हार से हताश होकर देश को बदनाम करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुस्लिम लीग ने नफरत फैलाकर देश का बंटवारा किया और माओवादी हमारे संविधान पर हमला करते हैं, आज की कांग्रेस भी उसी राह पर चल पड़ी है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि देश कांग्रेस के इन ‘कुकर्मों’ को कभी माफ नहीं करेगा।
वैश्विक मंच पर भारत की बदनामी: AI सम्मेलन का जिक्र
पीएम मोदी ने हाल ही में दिल्ली में हुए वैश्विक एआई (AI) सम्मेलन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष और दिग्गज कंपनियों के लीडर भारत की प्रशंसा कर रहे थे, तब कांग्रेस विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने में जुटी थी। उन्होंने दुख जताया कि जब पूरा विश्व भारत के लोकतंत्र और तकनीक की सराहना कर रहा है, तब देश की सबसे पुरानी पार्टी केवल ईर्ष्यावश भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री ने इसे ‘राष्ट्रीय अपमान’ करार देते हुए जनता को कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति से सावधान रहने को कहा।
किसानों के लिए सिंचाई सौगात: नदियों को जोड़ने का संकल्प
राजस्थान के किसानों को साधते हुए प्रधानमंत्री ने कई बड़ी सिंचाई परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की ‘डबल इंजन’ सरकार नदियों को जोड़ने के अभियान पर तेजी से काम कर रही है, जिसका सर्वाधिक लाभ राजस्थान को मिलेगा। संशोधित पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना और यमुना-राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट जैसे कार्यों से प्रदेश के सूखे क्षेत्रों में खुशहाली आएगी। झालावाड़, बारां, कोटा और बूंदी जिलों के लिए शुरू हुई जल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने जलस्तर सुधारने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सेना का शौर्य और इजरायल में राजस्थान का सम्मान
संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने सेना के पराक्रम और राजस्थान के वीरों का गौरव गान किया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सेना के शौर्य पर सवाल उठाए और दुश्मनों के झूठ को बढ़ावा दिया। उन्होंने विशेष रूप से मेजर दलपत सिंह का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे इजरायल के लोग आज भी हाइफा शहर को आजाद कराने वाले राजस्थान के सपूतों को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद इजरायल की संसद में इन वीरों को नमन करने का सौभाग्य मिला, जो हर राजस्थानी के लिए गर्व का विषय है।


















