अंबिकापुर @thetarget365 सरगुजा जिले के दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम जयपुर में गर्भवती युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन संदेह के चलते विवाद बढ़ गया, जो हत्या का कारण बना।
जानकारी अनुसार, दरिमा क्षेत्र के ग्राम जयपुर निवासी अनिला सिंह मरावी (22 वर्ष) 8 माह की गर्भवती थी। मंगलवार रात करीब 8 बजे किसी के फोन आने पर वह घर से बाहर निकली। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने फोन किया, तब अनिला ने कुछ देर में आने की बात कही। लेकिन अगले दिन सुबह उसका शव घर से 500 मीटर दूर खेत में मिला।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी
मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि अनिला का प्रेम संबंध अनिल सिंह सांडिल्य (20 वर्ष), निवासी सकलपुर नावापारा, थाना भटगांव, जिला सूरजपुर से था। गर्भवती होने के बाद दोनों ने 15 दिसंबर 2024 को सकलपुर के शिवमंदिर में शादी की और 19 दिसंबर 2024 को अंबिकापुर के जिला न्यायालय में शपथ पत्र बनवाया। दोनों अनिला के गांव जयपुर में साथ रह रहे थे।
लेकिन प्रेमी अनिल सिंह को शक था कि बच्चा उसका नहीं है। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। अनिला ने इस बारे में दरिमा थाने में शिकायत भी की थी, जिसके बाद पुलिस ने समझौता कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल सिंह वापस जयपुर पहुंचा। उसने अनिला को फोन कर खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच बच्चे को लेकर फिर विवाद हुआ। अनिल ने गला दबाकर अनिला की हत्या कर दी और भाग निकला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। आरोपी अनिल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ पैकरा, आरक्षक जगेश्वर बघेल, संजय केरकेट्टा, शेरशाह मिंज, रंजीत गुप्ता, राज जायसवाल और निर्मल खलखो सक्रिय रहे।