Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के बौरीपारा वार्ड स्थित पुलिस लाइन खेल मैदान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। प्रस्तावित निर्माण कार्य के विरोध में शहर के नागरिकों और खेल प्रेमियों ने एकजुट होकर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) को ज्ञापन सौंपा है। नागरिकों ने मांग की है कि बच्चों और युवाओं के लिए वर्षों से उपयोग में आ रहे इस मैदान को संरक्षित रखा जाए तथा प्रस्तावित निर्माण कार्य को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
अंबिकापुर शहर के मध्य स्थित पुलिस लाइन खेल मैदान लंबे समय से बच्चों, युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए खेलकूद व शारीरिक अभ्यास का प्रमुख केंद्र रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पहले ही खुले मैदानों की भारी कमी है। ऐसे में यदि इस मैदान पर निर्माण कार्य शुरू होता है तो बच्चों के पास आउटडोर खेलों के लिए कोई सुरक्षित और पर्याप्त स्थान शेष नहीं रहेगा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह मैदान पुलिस विभाग की संपत्ति अवश्य है, किंतु विभाग की उदारता के कारण वर्षों से आम नागरिकों को यहां खेलकूद की अनुमति मिलती रही है। नागरिकों ने आग्रह किया है कि खेल को बढ़ावा देने और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग अपने प्रस्तावित निर्माण कार्य को विभाग की ही किसी अन्य रिक्त भूमि पर स्थानांतरित करे।
नागरिकों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सकारात्मक निर्णय लेगा और शहर के इकलौते प्रमुख खेल मैदान को सुरक्षित रखने की दिशा में पहल करेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में रजनीश सिंह, पिंकू पांडेय, अभिषेक तिवारी, अंशु सिंह, सौरभ मिश्रा सहित शहर के विभिन्न वार्डों के नागरिक, अभिभावक एवं खेल प्रेमी शामिल रहे।
















