Ambikapur News : मैनपाट एवं तातापानी जैसे प्रमुख पर्यटन महोत्सवों से पहले जिले की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने की मांग एक बार फिर से सड़कों पर उतर आई है। मंगलवार को शहर के व्यस्ततम घड़ी चौक में नागरिकों ने जर्जर सड़कों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हाथों में बैनर–पोस्टर लेकर शामिल हुए और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंबिकापुर मुख्यालय सहित पूरे जिले में सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आमजन लंबे समय से परेशान हैं। सामाजिक समस्याओं को लेकर मुखर रहने वाले कैलाश मिश्रा ने बताया कि बजट में जिन प्रमुख सड़कों को डिवाइडर सहित फोरलेन बनाने की घोषणा की गई थी, उनके लिए न तो पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किया गया और न ही अब तक निर्माण कार्य शुरू हुआ है। इससे जनता में गहरा आक्रोश है।
खराब कनेक्टिविटी के कारण जिले में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजमर्रा का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पूर्व में बरसात समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक शहर के मुख्य मार्ग देवीगंज रोड और सदर रोड को भी व्यवस्थित और सुगम नहीं बनाया जा सका है।
प्रदर्शन के दौरान यह भी मुद्दा उठाया गया कि बिलासपुर चौक से बिलासपुर मार्ग तथा अंबेडकर चौक से बनारस मार्ग पर डिवाइडर सहित सड़क चौड़ीकरण को लेकर कोई ठोस योजना या प्रावधान सामने नहीं आया है। नागरिकों का कहना है कि एक ओर लोग सड़कों की बदहाली के कारण रोजाना दुर्घटनाओं और जाम की समस्या झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महोत्सवों के आयोजन में बड़ी राशि खर्च की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि पहले बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जिले का संतुलित और समुचित विकास सुनिश्चित हो सके। सड़कों के अविलंब निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर किए गए इस अनोखे प्रदर्शन में अनेक लोग शामिल हुए।
















