Raigarh Elephant Menace: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों धान खरीदी का सीजन जोरों पर है, लेकिन किसानों और प्रशासन की चिंता हाथियों ने बढ़ा दी है। रायगढ़ के बंगुरसिया इलाके में हाथियों का दल अब सीधे धान मंडियों (उपार्जन केंद्रों) को निशाना बना रहा है। बीती रात हाथियों के एक झुंड ने धान मंडी में घुसकर न केवल भारी मात्रा में धान को चट कर लिया, बल्कि सरकारी संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुँचाया है। हाथियों की इस बढ़ती सक्रियता से इलाके में दहशत का माहौल है।
शाम ढलते ही मंडी पहुंचे गजराज
मंगलवार की शाम करीब 7 बजे, जब मंडी में दिनभर का काम सिमट चुका था, तभी तीन विशालकाय हाथी अचानक जंगल से निकलकर बंगुरसिया धान मंडी केंद्र के पास आ धमके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी देर तक मंडी की बाउंड्री के बाहर खड़े रहे और माहौल का जायजा लेते रहे। जैसे ही उन्हें मौका मिला, वे एक-एक कर धान से भरी बोरियों को अपनी सूंड से खींचकर बाहर ले जाने लगे और देखते ही देखते मंडी परिसर के भीतर दाखिल हो गए।
11 बोरी धान चट कर गए हाथी
हाथियों ने पूरी रात मंडी परिसर में डेरा डाले रखा। इस दौरान उन्होंने करीब 11 बोरी धान खा लिया और कई अन्य बोरियों को फाड़कर धान जमीन पर फैला दिया। इससे समिति को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। हाथियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम और ‘हाथी मित्र दल’ के सदस्य तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने मशालों, पटाखों और तेज आवाजों के जरिए हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन हाथी टस से मस नहीं हुए।
हाई स्कूल का गेट तोड़ा और मचाई तबाही
मंडी में तबाही मचाने के बाद एक हाथी पास ही स्थित सरकारी हाई स्कूल की ओर बढ़ गया। हाथी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए स्कूल के मुख्य चैनल गेट को सूंड से पकड़कर उखाड़ दिया। स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के बाद हाथी काफी समय तक वहीं डटा रहा। पूरी रात इलाके में उत्पात मचाने के बाद, बुधवार सुबह करीब 5 बजे उजाला होने से पहले यह हाथियों का दल वापस घने जंगल की ओर लौट गया।
लगातार दूसरे दिन हाथियों का हमला
बंगुरसिया मंडी में हाथियों के हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक एक दिन पहले यानी सोमवार की रात भी हाथियों ने यहाँ भारी तबाही मचाई थी। सोमवार को हाथियों ने 13 बोरी धान को नुकसान पहुँचाया था और वहां लगे सोलर पैनल तथा बोरवेल के पाइप को भी पैरों तले कुचलकर तोड़ दिया था। लगातार दो दिनों से हो रहे इन हमलों ने धान खरीदी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और किसानों में अपनी फसल को लेकर डर बैठ गया है।
ग्रामीण इलाकों में हाथियों की मौजूदगी से दहशत
वर्तमान में तीन हाथी मुख्य रूप से मंडी के पास सक्रिय हैं, जबकि हाथियों का एक दूसरा बड़ा झुंड बंगुरसिया के बरझरिया मोहल्ले के पास जंगल में विचरण कर रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है। विभाग अब हाथियों की लोकेशन पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा रहा है ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके और धान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Read More : IND vs NZ 2nd ODI: केएल राहुल का धमाकेदार शतक, भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 285 रनों का लक्ष्य
















