Navya Malik Remand : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक को MDMA और पाकिस्तानी हेरोइन बेचने के आरोप में रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नव्या से 30 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस ड्रग्स सिंडिकेट के संपर्क में करीब 850 रईसजादे थे, जिनमें होटल कारोबारियों और राजनेताओं के बेटों के नाम भी शामिल हैं।

करोड़ों की ड्रग्स और पाकिस्तानी पिस्टल बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने नव्या मलिक और अन्य आरोपियों के पास से करोड़ों रुपये की ड्रग्स और एक पाकिस्तानी पिस्टल भी बरामद की है। नव्या को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

चार और गिरफ्तारियां, बड़ा नेटवर्क उजागर
ड्रग्स तस्करी मामले में नव्या के अलावा विधि अग्रवाल (27), सोहेल खान (29), जुनैद अख्तर (28) और ऋषीराज टंडन को भी गिरफ्तार किया गया है। विधि अग्रवाल को भी 3 दिन की रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अयान खान, जुबैर अख्तर और ऋषीराज को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
युवतियों की भी सक्रिय भूमिका
जांच में यह भी सामने आया है कि इस सिंडिकेट में महिलाओं की भी अहम भूमिका रही है। पंजाब निवासी लवजीत सिंह, रायपुर के रुपिंदर उर्फ पाब्लो और नव्या मलिक से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। लवजीत और पाब्लो से हेरोइन खरीदने वालों की लिस्ट, वहीं नव्या से MDMA खरीदने वाले रसूखदारों की जानकारी पुलिस के हाथ लगी है।
850 रईसजादों की सूची तैयार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक सामने आए 850 से ज्यादा हाई-प्रोफाइल युवाओं की सूची तैयार की जा रही है। इन सभी से पूछताछ होगी और जो भी इस अवैध कारोबार में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आगे हो सकते हैं और खुलासे
एनडीपीएस कोर्ट ने 6 सितंबर तक पुलिस रिमांड की अनुमति दी है। इस दौरान नव्या मलिक और विधि अग्रवाल से गहन पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
रायपुर ड्रग्स सिंडिकेट के इस मामले ने राज्य ही नहीं, देशभर में सनसनी फैला दी है। पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और इस हाई-प्रोफाइल केस में आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
Read More : iPhone 16 और iPhone 16 Plus पर भारी डिस्काउंट,लॉन्च से पहले कम दाम में खरीदें iPhone 17










