Ambikapur News : प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का प्रभार संभालने के बाद पहली बार सरगुजा लौट रहे मंत्री राजेश अग्रवाल के स्वागत की तैयारियों ने जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर सामाजिक संगठनों तक, हर कोई उनके स्वागत में ऐतिहासिक रंग भरने की तैयारी में जुटा है।

28 अगस्त को सुबह 11 बजे मंत्री राजेश अग्रवाल का प्रवेश सरगुजा सीमा तारा से होगा। इसके बाद उनका काफिला उदयपुर और लखनपुर होते हुए दोपहर 4 बजे अंबिकापुर स्थित संकल्प भवन भाजपा कार्यालय पहुंचेगा। इस पूरे मार्ग पर जगह-जगह कार्यकर्ता और नागरिक भव्य स्वागत की तैयारियों में लगे हुए हैं। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के बीच उनका अभिनंदन किया जाएगा।

भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी ने सरगुजा को कैबिनेट में प्रतिनिधित्व देकर जिले के सम्मान को बढ़ाया है। जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी ने बैठक में स्वागत की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। विशेष बात यह है कि हाल के वर्षों में संगठन और स्थानीय विधायक के बीच दूरियों की चर्चाएं अक्सर सामने आती रही हैं, मगर इस बार माहौल अलग है। पूरा संगठन मंत्री के स्वागत में तन-मन से जुटा नजर आ रहा है।
प्रदेश स्तर पर पहले ही भाजपा प्रदेश महामंत्री का भव्य स्वागत कर चुकी भाजपा अब अपने ही विधायक से मंत्री बने राजेश अग्रवाल के स्वागत को लेकर उत्साहित है। भाजपा संगठन का मानना है कि यह अवसर सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले के लिए गौरव का क्षण है। भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और आतुरता इस बात का संकेत है कि मंत्री राजेश अग्रवाल का यह प्रथम आगमन सरगुजा की राजनीति में नई ऊर्जा और संदेश लेकर आएगा।










