Pratappur News : खंड प्रतापपुर के ग्राम पंचायत मसगा में राष्ट्रीय सेवक संघ का पथ संचलन हुआ। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों के साथ ग्रामीणों में जमकर उत्साह दिखा और बौद्धिक सुना।

उल्लेखनीय है कि आरएसएस ने अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर लिए हैं और विजयादशमी पर पथ संचलन आयोजित किए जा रहे हैं।पहली बार मंडल नवाडीह के अंतर्गत ग्राम पंचायत मसगा में भी स्वयं सेवकों ने पथ संचलन किया। कार्यक्रम की शुरुआत संघ प्रार्थना, संघ गीत और पुष्पांजलि से की गई।यहां के प्रसिद्ध राधा कृष्ण मंदिर से पथ संचलन की शुरुआत हुई। गांव के विभिन्न हिस्सों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुई।
यहां बौद्धिक उद्बोधन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला बौद्धिक शिक्षण प्रमुख सूरजपुर सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने दिया। उन्होंने कहा कि समाज में परिवारिक मूल्यों का संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग, पर्यावरणीय संतुलन, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘पंच परिवर्तन’ की थीम को आगे बढ़ाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में व्यापक पहल करेगा। इस अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य पर विशेष बल दिया जायेगा।
वर्षभर संघ देशभर में सेवा कार्य, संगोष्ठी और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने 100 वर्ष पूरे होने पर कहा कि 100 वर्ष की इस यात्रा के दौरान संघ ने राष्ट्रहित में संगठित समाज, सशक्त व्यक्तित्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ निरंतर कार्य किया है। उन्होंने इसे संघ के मूल उद्देश्य और भविष्य की दिशा बताया। स्थानीय ग्रामीणों ने बौद्धिक उद्बोधन को ध्यान से सुना।
पहली बार गांव में इस तरह के आयोजन को लेकर उनमें उत्साह दिखा। इस दौरान खंड कार्यवाह खंड प्रतापपुर गुलाब मोहन तिवारी, मंडल कार्यवाह मंडल नावाडीह दीपक भोये, मुख्य शिक्षक व खण्ड शारीरिक शिक्षण प्रमुख लक्ष्मी कुमार निषाद, प्रार्थना प्रमुख रामजन्म पैकरा सहित स्वयं सेवक उपस्थित थे। अमृतवचन गोपेश यादव ने तथा एकल गीत बैजनाथ ने प्रस्तुत किया।


















