Retirement 2025
साल 2025 खेल प्रेमियों के लिए किसी भावुक फिल्म के अंत जैसा रहा है। इस साल मैदानों पर पसीना बहाने वाले कई ऐसे दिग्गज खिलाड़ियों ने संन्यास लिया, जिन्हें देखना फैंस की आदत बन चुकी थी। जहां क्रिकेट की दुनिया से ‘किंग’ और ‘हिटमैन’ जैसे नामों ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा, वहीं फुटबॉल और टेनिस के मैदान भी अपने महान सितारों की विदाई के गवाह बने। आइए एक नजर डालते हैं खेल जगत के उन बड़े नामों पर जिन्होंने 2025 में रिटायरमेंट लेकर सबको चौंका दिया।
भारतीय क्रिकेट के लिए यह साल सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा। मई 2025 में विराट कोहली ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सबको सुन्न कर दिया। 9360 रन और 30 शतकों के शानदार रिकॉर्ड के साथ उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट को अलविदा कहा। हालांकि, उनके इस फैसले के पीछे कोच गंभीर के दौर की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चाएं रहीं। दूसरी ओर, ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने भी इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले टेस्ट क्रिकेट से दूरी बना ली। ऑस्ट्रेलिया में शानदार बल्लेबाजी के बावजूद रोहित के इस फैसले ने सबको हैरान किया, जिसके बाद शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई।
टीम इंडिया की ‘नई दीवार’ कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने 24 अगस्त 2025 को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। 103 टेस्ट मैचों में 7195 रन बनाने वाले पुजारा लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे थे। वहीं, बंगाल के ‘सुपरमैन’ और बेहतरीन विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने फरवरी में रणजी ट्रॉफी के बाद संन्यास की घोषणा की। धोनी के बाद टेस्ट में विकेट के पीछे सबसे विश्वसनीय चेहरा रहे साहा को 2021 के बाद अंतरराष्ट्रीय मौका नहीं मिला था।
रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले ही विदाई ले ली थी, लेकिन इस साल अगस्त में उन्होंने IPL से भी रिटायरमेंट का फैसला किया। IPL में 187 विकेट लेने वाले अश्विन का जाना लीग के लिए एक बड़ी क्षति है। इनके साथ ही अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा ने सितंबर में और 2007 व 2011 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य पीयूष चावला ने जून में क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह दिया।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भी इस साल बड़े बदलाव दिखे। ‘फैब फोर’ का हिस्सा रहे स्टीव स्मिथ ने मार्च में वनडे फॉर्मेट छोड़ दिया। उनके साथ ही ‘मैड मैक्स’ ग्लेन मैक्सवेल ने भी वनडे से संन्यास लिया, जिनका विश्व कप में लगाया गया दोहरा शतक हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लेकर सबको हैरान किया।
बांग्लादेश क्रिकेट में ‘पंच पांडवों’ का युग समाप्त हुआ, जहां महमूदुल्लाह, मुशफिकुर रहीम (वनडे) और तमीम इकबाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ दिया। वेस्टइंडीज के आक्रामक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने जुलाई में अंतरराष्ट्रीय और दिसंबर में IPL से रिटायरमेंट लेकर फैंस को उदास कर दिया। न्यूज़ीलैंड के केन विलियमसन ने टी20 फॉर्मेट छोड़ दिया, हालांकि वे टेस्ट और वनडे में खेलना जारी रखेंगे।
टेनिस की दुनिया में भारत का सिर ऊंचा करने वाले रोहन बोपन्ना ने दो दशक लंबे करियर के बाद इस साल संन्यास लिया। वहीं फुटबॉल जगत में स्पेन के महान खिलाड़ी जोर्डी अल्बा और सर्जियो बुस्केट्स ने इंटर मियामी में मेसी के साथ खेलते हुए अपने करियर का अंत किया। रियल मैड्रिड के दिग्गज ब्राजीली डिफेंडर मार्सेलो ने भी इस साल फुटबॉल के मैदान को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
Read More : Ragging in RG Kar: RG कर मेडिकल कॉलेज में फिर बवाल, रैगिंग के खिलाफ आवाज उठाने पर छात्रों की पिटाई
Shyama Prasad Mukherjee Legacy : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने भारतीय जनता…
RG Kar Victim Mother Win : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों ने राज्य…
Amit Shah Bengal Strategy 2026 : पश्चिम बंगाल की राजनीति में साल 2026 एक ऐसे…
PM Modi Speech 2026 : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता…
BJP Bengal Victory : "मैं श्यामा प्रसाद का बंगाल बनाऊंगा।" पिछले साल अगस्त में जब…
Ambikapur News : रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि और बढ़ती महंगाई के विरोध…
This website uses cookies.