Rahul Gandhi Threat: देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी को लेकर पार्टी ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह से कड़ा सवाल किया है। दरअसल, केरल के एक टीवी चैनल पर हुई बहस के दौरान भाजपा के पूर्व एबीवीपी नेता और प्रवक्ता प्रिंटू महादेव ने कथित तौर पर कहा कि “राहुल गांधी को सीने में गोली मार दी जाएगी।” इस बयान के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस का अमित शाह को पत्र कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 28 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक औपचारिक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने राहुल गांधी को धमकी देने वाले बयान को बेहद गंभीर बताया और कहा कि यह कोई सामान्य या आवेश में दिया गया वक्तव्य नहीं, बल्कि जानबूझकर फैलाई जा रही नफरत की राजनीति का परिणाम है। वेणुगोपाल ने पत्र में लिखा, “राहुल गांधी वह नेता हैं, जिन्होंने अपने परिवार के दो सदस्यों को राजनीतिक हत्याओं में खोया है। ऐसे में उनकी सुरक्षा से जुड़ा कोई भी मुद्दा बेहद संवेदनशील है। अगर इस तरह की धमकियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो यह हिंसा को वैध ठहराने जैसा होगा।” केरल विधानसभा में भी उठा मामला इस बयान को लेकर केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच राहुल गांधी को खत्म करने की है, लेकिन भारत की लोकतांत्रिक जनता ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने राहुल गांधी को “सांप्रदायिकता और फासीवाद के खिलाफ लड़ने वाला निडर नेता” बताया। भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग कांग्रेस पार्टी ने यह स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं होती है तो इसे राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा में मिलीभगत के रूप में देखा जाएगा। पत्र में सवाल उठाया गया है कि “क्या मोदी सरकार खुलेआम आपराधिक धमकियों और हिंसा की राजनीति का समर्थन करती है?” CRPF ने भी जताई थी सुरक्षा पर चिंता इस बीच, राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने भी चिंता जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी पिछले 9 महीनों में बिना पूर्व सूचना के 6 बार विदेश यात्रा पर गए, जो Z+ सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। सीआरपीएफ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और खुद राहुल गांधी को पत्र लिखकर आगाह किया था कि इस तरह की चूक उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। वर्तमान में विदेश दौरे पर हैं राहुल गांधी फिलहाल राहुल गांधी भारत में नहीं हैं। वे दक्षिण अमेरिका के चार देशों की यात्रा पर हैं। हालांकि, कांग्रेस ने उनके यात्रा कार्यक्रम का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ब्राजील और कोलंबिया जैसे देशों में वरिष्ठ नेताओं और छात्रों से मुलाकात कर सकते हैं। राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी का मामला अब केवल एक टीवी डिबेट का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह देश की राजनीति में हिंसा और असहिष्णुता के खिलाफ एक बड़ा सवाल बनकर सामने आया है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और नेताओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है। अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या रुख अपनाती है और क्या भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई होती है। Read More : Facebook Ad-Free UK: फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बिना विज्ञापन के इस्तेमाल की सुविधा जल्द यूके में शुरू, जानिए कितना देना होगा शुल्क
















