Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध लगातार उग्र होता जा रहा है। बीती रात यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में एक बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले में फोरोस शहर के एक रिसॉर्ट और स्कूल को निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन ने इस हमले की पुष्टि की है।

रूसी अधिकारियों ने इस हमले को “आतंकवादी कार्रवाई” करार दिया है। क्रीमिया के स्थानीय गवर्नर और रूसी सेना के प्रतिनिधि सर्गेई अक्स्योनोव ने जानकारी दी कि यूक्रेनी ड्रोन ने फोरोस के सैनेटोरियम (उपचार केंद्र) और एक स्कूल को निशाना बनाया। ड्रोन गिरने के बाद स्कूल के पास के मैदान में आग लग गई, जिसे फायर ब्रिगेड की मदद से बुझाया गया।

हालांकि यूक्रेन की ओर से अब तक इस हमले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह पहली बार नहीं है जब क्रीमिया को निशाना बनाया गया हो, लेकिन इस बार हमला एक ऐसे इलाके में हुआ है जो आम नागरिकों और पर्यटकों की मौजूदगी के लिए जाना जाता है।
क्रीमिया पर कब्जा और बढ़ता तनाव
बता दें कि क्रीमिया 2014 से रूस के कब्जे में है। उसी साल यूक्रेन में हुए रिवोल्यूशन ऑफ डिग्निटी के बाद रूस ने क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद से डोनेट्स्क और लुहांस्क जैसे इलाकों में यूक्रेन और रूस समर्थित विद्रोहियों के बीच संघर्ष शुरू हो गया, जो बाद में 2022 में पूर्ण युद्ध में बदल गया।
24 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर चारों दिशाओं से हमला किया। हालांकि कीव पर कब्जा करने की कोशिश विफल रही, लेकिन रूस ने पूर्वी यूक्रेन के बड़े हिस्सों पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। अब युद्ध तीसरे साल में प्रवेश कर चुका है और दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर है।
शांति की कोशिशें नाकाम
अमेरिका, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र सहित कई देश इस युद्ध को समाप्त करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। रूस जहां अपनी शर्तों पर अड़ा है, वहीं यूक्रेन को संप्रभुता और सुरक्षा की गारंटी चाहिए।
क्रीमिया में हुआ ताजा ड्रोन हमला इस युद्ध के नए और खतरनाक मोड़ की ओर संकेत कर रहा है। आम नागरिकों को निशाना बनाया जाना इस युद्ध को और भी गंभीर बना रहा है। यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो यह टकराव और अधिक जानलेवा रूप ले सकता है।
Read More : Chhattisgarh weather update:: प्रदेश में भारी बारिश की संभावना, ठंड ने दी दस्तक










