Bihar Politics : बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। दिल्ली में केंद्र सरकार के कई मंत्रियों के साथ बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री बुधवार, 4 नवंबर को पटना स्थित नीतीश कुमार के आवास पहुंचे। यहां दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री का संदेश लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में सम्राट चौधरी ने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश लेकर नीतीश कुमार को बधाई देने पहुंचे थे। उन्होंने दिल्ली में केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ हुई बैठकों और बिहार के हित में किए गए समझौतों की जानकारी भी पूर्व मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुलाकात का उद्देश्य राज्य में चल रही विकास योजनाओं और भविष्य की परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों को साझा करना था।

नदी संजीवनी अभियान पर हुई चर्चा
सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में नदियों और गंगा से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। दिल्ली में केंद्र सरकार और बिहार के बीच नदियों तथा जलाशयों से गाद निकालने और उसका उपयोग राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में करने को लेकर समझौता हुआ है। इस परियोजना को ‘नदी संजीवनी’ नाम दिया गया है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने इस समझौते सहित बिहार के विकास से जुड़े दूसरे प्रस्तावों की जानकारी भी नीतीश कुमार को दी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने राज्य में सुशासन स्थापित करने और संगठित अपराध पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया। वर्तमान सरकार भी इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
पटना में डाटा सेंटर और निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ बिहार में औद्योगिक निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बातचीत हुई है। पटना में प्रस्तावित डाटा सेंटर से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के सामने राज्य के विकास और निवेश से संबंधित कई प्रस्ताव रखे गए हैं।उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ हुई बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, निर्यात और डाटा सेंटर से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया था।

सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए वंदे भारत की मांग
सम्राट चौधरी ने बताया कि दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस मांग पर केंद्र की ओर से सहमति मिलने की जानकारी सामने आई है।
इसके साथ ही दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों पर बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का मुद्दा भी उठाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया है। रेलवे की ओर से बिहार के लिए सामान्य संचालन की तुलना में अधिक ट्रेन फेरे उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद सम्राट चौधरी का सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। करीब 20 मिनट की इस मुलाकात के बाद बिहार के सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने इसे विकास योजनाओं और केंद्र के साथ हुई बैठकों की जानकारी साझा करने से जुड़ा बताया है। दोनों नेताओं के बीच गठबंधन के राजनीतिक समीकरणों पर कोई चर्चा हुई या नहीं, इस संबंध में फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Read More : Pawan Khera on SIR: पवन खेड़ा का CEC ज्ञानेश कुमार पर हमला, फॉर्म-6 विवाद से बढ़ी सियासी हलचल

