Ambikapur News : अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) अंबिकापुर प्रचार केंद्र द्वारा भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में रविवार 8 मार्च को श्री गौर पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्री गौर-निताई का विशेष अभिषेक, हरिनाम संकीर्तन, छप्पन भोग अर्पण और वृंदावन की परंपरा के अनुसार फूलों की होली जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


इस्कॉन अंबिकापुर प्रचार केंद्र द्वारा बनारस चौक स्थित सेक्टर 2, दत्ता कॉलोनी केंद्र में आयोजित इस महोत्सव की तैयारियाँ जोर-शोर से की जा रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे से होगा, जिसमें भगवान श्री गौर-निताई का विभिन्न फलों के रसों और पंचामृत से विधिवत अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात महाप्रभु को श्रद्धापूर्वक 56 प्रकार के विशेष व्यंजनों का नैवेद्य अर्पित किया जाएगा।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण वृंदावन की परंपरा पर आधारित ‘फूलों की होली’ होगी, जिसमें भक्तगण पुष्पों की वर्षा के बीच आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करेंगे। इस दौरान पूरे परिसर में हरिनाम संकीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।
इस्कॉन अंबिकापुर प्रचार केंद्र के प्रभारी दयानिधि दास ने बताया कि चैतन्य महाप्रभु ने संकीर्तन आंदोलन के माध्यम से भगवान के नाम का प्रचार-प्रसार विश्वभर में करने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करना तथा प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देना है। केंद्र प्रबंधन ने नगरवासियों और धर्मप्रेमियों से सपरिवार इस पावन उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के समापन पर दोपहर 3 बजे सभी श्रद्धालुओं के लिए विशेष महाप्रसादम का वितरण भी किया जाएगा।
















