अंबिकापुर @thetarget365 महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने शिवसागर बांध के पश्चिमी तट पर स्थित पैलेस छठ घाट के कंक्रीटीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य की नींव रखी। यह घाट विगत वर्षों से छठव्रतियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल रहा है, जहां श्रद्धालु छठ पर्व पर अर्घ्य अर्पित करते हैं।
शहर में छठव्रतियों की बढ़ती संख्या और सुव्यवस्थित घाट की कमी को देखते हुए सरगुजा राजपरिवार ने अपने निजी व्यय से घाट निर्माण का संकल्प लिया। इसी कड़ी में प्रथम चरण के तहत लगभग 10,000 वर्गफीट क्षेत्र में घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस दौरान विधि-विधान से शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना की गई, जिसमें प्रयागराज संगम से लाए गए पवित्र जल का भी प्रयोग किया गया। पूजा में पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की और अंबिकापुर की सबसे कम उम्र की नवनिर्वाचित पार्षद मेघा खांडेकर भी शामिल रहीं।
राजपरिवार ने छठव्रतियों की सुविधा के लिए लिया संकल्प
इस अवसर पर टीएस सिंह देव ने कहा कि रियासतों के विलीनीकरण के दौरान शिवसागर बांध की संपत्ति राजपरिवार के पास रही, लेकिन यह सार्वजनिक उपयोग के लिए हमेशा खुली रही है। छठव्रतियों की कठिनाइयों को देखते हुए घाट को सुव्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया है। प्रथम चरण के निर्माण कार्य को 2025 के छठ पर्व से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भविष्य में आवश्यकतानुसार दक्षिणी तट पर भी घाटों के निर्माण की योजना बनाई जाएगी, जिससे यह क्षेत्र शहर का सबसे सुव्यवस्थित छठ घाट बन सके।
पैलेस छठ घाट समिति का गठन
छठ पर्व के सुचारू आयोजन और घाट के रखरखाव के लिए 2024 में चंद्रप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में “पैलेस छठ घाट समिति” का गठन किया गया था। इस समिति की देखरेख में 2023 में छठ पर्व का आयोजन किया गया था, जिसे और अधिक व्यवस्थित करने के उद्देश्य से घाट सौंदर्यीकरण की नींव रखी गई है।
प्रथम चरण में 10,000 वर्गफीट क्षेत्र का कंक्रीटीकरण
शिवसागर बांध के पश्चिमी तट पर 34 डिसमिल जमीन पर घाट का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण में 10-10 फीट के दो स्टेप बनाए जाएंगे, जिससे छठव्रतियों को सुविधा मिलेगी। भविष्य में आवश्यकतानुसार बांध के अन्य तटों पर भी घाटों के निर्माण की योजना है।
इस अवसर पर बालकृष्ण पाठक, जेपी श्रीवास्तव, अजय अग्रवाल, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, मो. इस्लाम, रशीद अहमद, दुर्गेश गुप्ता, रविंद्र सिंह तोमर, मदन जायसवाल, संजय सिंह, अनूप मेहता, आशीष वर्मा, गुरुप्रीत सिंधु, दिनेश सोनी, बबन सोनी, शंकर प्रजापति, दीपक सिंह तोमर, नरेन्द्र सिंह टुटेजा, नितीश चौरसिया, अविनाश कुमार, रजनीश सिंह, विकास केशरी, आतिश शुक्ला, आलोक गुप्ता, अमित सिंह, दिनेश शर्मा, रोशन कन्नौजिया, देवेश त्रिपाठी, अंशु गुप्ता, तरनजीत सिंह बाबरा, मनीष तिवारी, पूर्णिमा सिंह, आलोक सिंह, किरण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।