Somalia Plane Crash: सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में मंगलवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई, जहाँ ‘स्टार्स्की एयरलाइंस’ का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस भयावह घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। विमान में कुल 55 लोग सवार थे, जिनमें 50 यात्री और 5 क्रू मेंबर शामिल थे। तकनीकी खराबी के बाद विमान जिस तरह से रनवे से बाहर निकला, उसे देखकर किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन राहत एवं बचाव दल की त्वरित कार्रवाई और कुदरत के करिश्मे ने सभी को सुरक्षित बचा लिया।
उड़ान के 15 मिनट बाद ही आई तकनीकी खराबी
घटना का विवरण देते हुए अधिकारियों ने बताया कि यह विमान मोगादिशु के ‘एडन अड्डे इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ से सोमालिया के ही ‘गुरिएल’ शहर के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के मात्र 15 मिनट बाद ही पायलट को विमान में गंभीर तकनीकी खामी का अहसास हुआ। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित किया और विमान को वापस मोगादिशु एयरपोर्ट पर उतारने (इमरजेंसी लैंडिंग) का फैसला किया। हालांकि, लैंडिंग के बाद रनवे पर ‘रोलआउट’ के दौरान विमान पूरी तरह अनियंत्रित हो गया।
रनवे से फिसलकर ढलान से नीचे गिरा विमान
मोगादिशु एयरपोर्ट की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि इसकी सुरक्षा दीवार समुद्र तट के बहुत करीब है। जैसे ही पायलट ने नियंत्रण खोया, विमान रनवे की सीमा तोड़ते हुए एक खड़ी ढलान से नीचे की ओर जा गिरा। विमान तेजी से लुढ़कते हुए समुद्र के किनारे रेतीले तट के पास जाकर रुका। हादसे की तीव्रता इतनी थी कि विमान को काफी नुकसान पहुँचा, लेकिन वह पानी के अंदर नहीं डूबा और न ही उसमें विस्फोट हुआ।
Update from AV Herald:
– Aircraft [Reg. "6O-YAS"] had tech issue on climbout, opted to turn back. After landing, on rollout, plane "veered off runway, went down a cliff, and came to a stop at the beach". Again, no injuries reported. Enquiry ongoing. https://t.co/w5paQYqqaq pic.twitter.com/USaKd1gQ4J
— Air Safety #OTD by Francisco Cunha (@OnDisasters) February 10, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन दृश्यों में देखा जा सकता है कि विमान एक ढलान पर टेढ़ा पड़ा हुआ है और उसका एक आपातकालीन दरवाजा खुला है। वीडियो में डरे-सहमे यात्री खुद ही विमान से बाहर निकलते और जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोग और सुरक्षाकर्मी भी तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े, जिससे कम समय में सभी को बाहर निकालना संभव हो सका।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की पुष्टि और जांच के आदेश
सोमाली सिविल एविएशन अथॉरिटी (SCAA) के डायरेक्टर अहमद मुअल्लिम हसन ने आधिकारिक पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी 55 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद सबसे बड़ा खतरा विमान में आग लगने का था, क्योंकि वह ईंधन से भरा हुआ था और समुद्र के किनारे असुरक्षित स्थिति में था। एहतियात के तौर पर कुछ घंटों के लिए ‘एडन अड्डे एयरपोर्ट’ पर विमानों का आवागमन रोक दिया गया था। फिलहाल, SCAA ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आधुनिक विमान में उड़ान भरते ही इतनी बड़ी खराबी कैसे आई।
















