Sonia Gandhi Memoir : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण Belonging: A Journey of Love में जीवन के सबसे दर्दनाक अनुभवों में से एक का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जनवरी 1969 में समय से करीब दो महीने पहले जन्मे उनके पहले बेटे की महज एक दिन बाद मौत हो गई थी। इस घटना ने उन्हें और उनके पति राजीव गांधी को अंदर तक तोड़ दिया था। हार्पर कॉलिन्स द्वारा प्रकाशित यह किताब मंगलवार को बाजार में आई। इसमें सोनिया ने 18 जनवरी 1969 को बेटे के जन्म और अगले दिन उसकी मौत से जुड़ी भावनात्मक यादों को विस्तार से दर्ज किया है।
गर्भावस्था की खबर से गांधी परिवार में छाई थी खुशी
सोनिया गांधी के मुताबिक, सितंबर 1968 की एक सुबह जब परिवार को उनके गर्भवती होने की जानकारी मिली, तो सभी बेहद खुश हुए थे। उन्होंने बताया कि आमतौर पर गंभीर रहने वाली इंदिरा गांधी ने उन्हें गले लगाया और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक बड़ा बच्चा अब एक और बच्चे को जन्म देने वाला है। परिवार को नए सदस्य के आने का बेसब्री से इंतजार था। हालांकि, यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी और कुछ महीनों बाद परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना करना पड़ा, जिसकी याद आज भी सोनिया के लिए बेहद पीड़ादायक है।

समय से पहले हुआ बेटे का जन्म, पहली नजर में हो गया था प्यार
सोनिया ने लिखा कि उन्होंने सामान्य प्रसव के जरिए निर्धारित समय से लगभग दो महीने पहले बेटे को जन्म दिया। बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा जा रहा था, तभी उन्होंने उसकी पहली आवाज सुनी। बाद में राजीव गांधी उन्हें नवजात को दिखाने ले गए। सोनिया के अनुसार, बच्चा बेहद छोटा था, लेकिन पूरी तरह विकसित दिखाई देता था। उसके घने काले बाल और लंबी-पतली उंगलियां थीं। उन्होंने याद किया कि वह और राजीव काफी देर तक बच्चे को देखते रहे। राजीव का हाथ उनके कंधे पर था और दोनों को पहली ही नजर में उससे प्यार हो गया था।

राजीव गांधी ने दी बेटे की मौत की खबर
डॉक्टरों ने नवजात के बचने को लेकर पहले ही आशंका जताई थी। सोनिया के मुताबिक, अगली सुबह करीब साढ़े छह बजे राजीव गांधी ने उन्हें बताया कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। यह खबर सुनकर वह पूरी तरह टूट गईं। उन्होंने बार-बार इस बात पर विश्वास करने से इनकार किया और सवाल करती रहीं कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। सोनिया ने लिखा कि दोनों एक-दूसरे को कसकर पकड़कर रोते रहे। उस समय इंदिरा गांधी शहर से बाहर थीं, लेकिन खबर मिलते ही उन्होंने अपना दौरा बीच में छोड़ा और अस्पताल पहुंचकर सोनिया को संभाला।
बेटे को नदी में प्रवाहित करने के फैसले से सहमत नहीं थीं सोनिया
बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने अंतिम संस्कार को लेकर मुश्किल खड़ी हो गई। सोनिया ने बताया कि हिंदू परंपरा में नवजात शिशु का सामान्य तौर पर दाह संस्कार नहीं किया जाता, बल्कि उसे नदी में प्रवाहित करने की परंपरा है। लेकिन सोनिया के लिए यह विचार असहनीय था। उन्हें ओखला बैराज के पास एक शव की दर्दनाक तस्वीर याद आ गई थी। उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि वह किसी भी कीमत पर अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित नहीं होने देंगी। इसके बाद परिवार ने उसे दफनाने का फैसला किया।

महरौली के फार्महाउस में दफनाया गया था नवजात
सोनिया के संस्मरण के मुताबिक, राजीव गांधी और संजय गांधी ने महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे कब्र खोदी। चारदीवारी के भीतर बाईं ओर बच्चे को दफनाया गया। सोनिया ने लिखा कि परिवार के लोग लंबे समय तक जब भी उस जगह जाते थे, वहां एक फूल रखकर आते थे। यह स्थान उनके परिवार की उस दर्दनाक याद से हमेशा जुड़ा रहा।
बेटे को खोने के बाद अवसाद और अपराधबोध से जूझीं सोनिया
सोनिया ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें कोई खास परेशानी नहीं हुई थी। इंदिरा गांधी उनके खानपान, सैर और व्यायाम का ध्यान रखती थीं। इसके बावजूद बच्चे को खोने के बाद वह लंबे समय तक अवसाद, हीनभावना और अपराधबोध से जूझती रहीं। इसी दौरान एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में प्रकाशित लेख ने उनके दुख को और बढ़ा दिया। लेख में इंदिरा गांधी को लेकर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। सोनिया ने लिखा कि उन शब्दों ने उनके दिल पर गहरा घाव छोड़ा और उन्हें समझ नहीं आया कि कोई इतना क्रूर कैसे हो सकता है।
अक्टूबर 1969 में फिर मिली खुशखबरी, राहुल गांधी का हुआ जन्म
समय बीतने के साथ सोनिया धीरे-धीरे इस सदमे से उबरने लगीं। अक्टूबर 1969 में उन्होंने राजीव गांधी को दोबारा गर्भवती होने की जानकारी दी। इस बार खुशी के साथ उनके मन में पहले अनुभव के कारण डर और आशंकाएं भी थीं। आखिरकार 19 जून 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया। सोनिया की आत्मकथा का यह प्रसंग उनके निजी जीवन के उस दर्दनाक अध्याय को सामने लाता है, जिसे उन्होंने दशकों तक सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया था।


