MEA Statement War: विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार, 5 सितंबर 2025 को भारत के चीन और अमेरिका के साथ रिश्तों पर अपडेट देते हुए कई महत्वपूर्ण बयान जारी किए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में इन दोनों देशों के साथ संबंधों के वर्तमान हालात के साथ-साथ रूस-यूक्रेन युद्ध, भारत-पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और आगामी ब्रिक्स एवं क्वाड शिखर सम्मेलनों पर जानकारी दी।

तियानजिन में पीएम मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात
रणधीर जायसवाल ने बताया कि हाल ही में चीन के तियानजिन शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई महत्वपूर्ण मुलाकात को लेकर भारत ने प्रेस के माध्यम से सभी जानकारियां साझा की हैं। दोनों देशों के बीच रिश्ते अभी स्थिर और संतुलित बनाए रखने की कोशिश जारी है।

भारत-अमेरिका संबंध: साझा युद्धाभ्यास और व्यापार वार्ता
अमेरिका के साथ संबंधों को लेकर MEA ने कहा कि अलास्का में दोनों देशों का साझा युद्धाभ्यास जारी है, जो रणनीतिक साझेदारी को मजबूत कर रहा है। वहीं, व्यापार को लेकर भी दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है। अमेरिकी पूर्व सलाहकार पीटर नवारो के नकारात्मक बयानों पर विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत और म्यूचुअल एजेंडे पर आधारित संबंध हैं, जिसे कोई भी बयान प्रभावित नहीं कर सकता।
रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत की मध्यस्थ भूमिका
रूस-यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में जायसवाल ने कहा कि भारत शांति स्थापित करने के लिए सक्रिय प्रयास कर रहा है। सरकार चाहता है कि दोनों देशों के बीच जल्द से जल्द युद्धविराम हो और स्थायी शांति कायम हो।
भारत-पाकिस्तान बाढ़ आंकड़ों का आदान-प्रदान
पाकिस्तान के साथ बाढ़ से संबंधित आंकड़ों को साझा करने के सवाल पर MEA ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर राजनयिक माध्यमों से दोनों देशों के बीच यह जानकारी आदान-प्रदान की जाती रही है, जो उच्चायोग के जरिए होती है।
भारत-अफगानिस्तान संबंध
जायसवाल ने कहा कि भारत अफगानिस्तान के लोगों के साथ दीर्घकालिक संबंध रखता है और उनकी विकासात्मक आवश्यकताओं तथा आकांक्षाओं का समर्थन करता रहेगा।
ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया में 31 अगस्त को हुए प्रवासी-विरोधी प्रदर्शनों पर विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि उच्चायोग और महावाणिज्य दूतावास ऑस्ट्रेलियाई सरकार एवं भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने भी विरोध प्रदर्शनों को लेकर चिंता जताई है और वहां की बहु-सांस्कृतिक पहचान का समर्थन किया है। भारत सरकार सभी भारतीयों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ऑस्ट्रेलिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को महत्व देती है।
ब्रिक्स और क्वाड शिखर सम्मेलन
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 8 सितंबर को ब्रिक्स के वर्चुअल शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। वहीं, क्वाड शिखर सम्मेलन को लेकर जायसवाल ने बताया कि यह मंच साझा हितों पर बातचीत के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें शामिल चारों देशों के बीच राजनयिक परामर्श के माध्यम से आयोजन तय किया गया है।










