Surajpur Drunk Headmaster
Surajpur Drunk Headmaster: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे और क्लास लेने के बजाय फर्श पर लेटकर सोते पाए गए। ग्रामीणों द्वारा वीडियो बनाए जाने पर उन्होंने अजीबोगरीब बहाने बनाए, जिसके बाद अब उन पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर ब्लॉक अंतर्गत भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राइमरी स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा सोमवार (2 फरवरी) को पूरी तरह नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों ने जब स्कूल का दौरा किया, तो नजारा हैरान करने वाला था। हेडमास्टर साहब अपने चैंबर में फर्श पर आराम से सो रहे थे। जब उन्हें जगाया गया और ग्रामीणों ने उनसे इस हालत के बारे में पूछा, तो उन्होंने नशे को छिपाने के लिए “गैस की समस्या और पेट दर्द” का बहाना बनाया।
ग्रामीणों ने जब हेडमास्टर का वीडियो बनाना शुरू किया, तो उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उनके पैर लड़खड़ा रहे थे और जुबान से शब्द साफ नहीं निकल रहे थे। कैमरा देखते ही वे ब्लैकबोर्ड की तरफ जाकर बच्चों को पढ़ाने का ढोंग करने लगे, लेकिन उनकी शारीरिक स्थिति उनकी पोल खोल रही थी। इस दौरान स्कूल में मौजूद बच्चे भी अपने शिक्षक की इस हालत को देखकर सहमे हुए थे।
नर्मदापारा प्राइमरी स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक कुल 23 छात्र पढ़ते हैं। इन बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी हेडमास्टर सहित तीन शिक्षकों पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि निरंजन कुशवाहा के लिए यह कोई पहली घटना नहीं है। वे अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं और शिक्षा के माहौल को खराब करते हैं। लंबे समय से यहाँ तैनात होने के कारण वे बेखौफ होकर इस तरह की हरकतों को अंजाम दे रहे थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई का भारी नुकसान हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अजय मिश्रा ने तत्काल जांच के आदेश दिए। ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) डीएस लकड़ा के नेतृत्व में एक टीम स्कूल पहुंची। जांच के दौरान हेडमास्टर की हालत इतनी खराब थी कि वे जिले के कलेक्टर या डीईओ का नाम तक नहीं बता पाए। बीईओ ने स्कूल के अन्य शिक्षकों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। हेडमास्टर ने भी स्वीकार किया कि वे कभी-कभी शराब का सेवन करते हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर हेडमास्टर को निलंबित (सस्पेंड) करने की सिफारिश डीईओ को भेज दी गई है।
सूरजपुर जिले में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला यह पहला मामला नहीं है। महज दो महीने पहले भी वनांचल क्षेत्र के माध्यमिक शाला करोटी ए से ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां के शिक्षक संजय सिंह को भी ग्रामीणों ने स्कूल समय में शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। संजय सिंह अक्सर रजिस्टर पर साइन करके बाहर चले जाते थे और शराब पीते थे। इन लगातार आती घटनाओं ने जिले की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Trump Iran Warning : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के…
Riyan Parag Vaping : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के सीजन में राजस्थान रॉयल्स के…
IRGC Military Council : अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य टकराव ने ईरान…
FIFA World Cup 2026 : फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े महाकुंभ, FIFA वर्ल्ड कप…
West Bengal Polls : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में मतदाताओं ने…
Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत बुधवार,…
This website uses cookies.