Surajpur Crime : सूरजपुर शहर के नेहरू पार्क में रविवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार युवक ने 19 वर्षीय युवती के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चाकू युवती के गले के आर-पार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती जान बचाने के लिए पार्क में दौड़ी, लेकिन कुछ दूरी पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर ही CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घूमने निकली थी युवती, नेहरू पार्क में हुआ हमला
मृतका की पहचान लटोरी निवासी राधिका राजवाड़े (19) के रूप में हुई है। वह सूरजपुर में एक एडवोकेट के घर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी और वहीं रहती थी। रविवार शाम करीब 8 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकली थी। घूमते हुए वह नेहरू पार्क पहुंची थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक उसके पास पहुंचा और अचानक चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया।

गले के आर-पार हुआ चाकू, खून से लथपथ दौड़ी राधिका
हमले के बाद आरोपी ने चाकू निकाल लिया और बाइक से मौके से फरार हो गया। गले में गंभीर चोट के बावजूद राधिका ने खुद को बचाने के लिए पार्क में दौड़ने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूर जाकर गिर गई। पार्क में मौजूद लोगों ने उसे गंभीर हालत में देखा तो तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
बोल नहीं पा रही थी युवती, इशारे से मांगा कागज-पेन
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राधिका की हालत बेहद गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। गले में गंभीर चोट के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने घटना के संबंध में उससे जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वह बोलने की स्थिति में नहीं थी। बताया जा रहा है कि उसने इशारे से कागज और पेन मांगा था। हालांकि, वह कोई महत्वपूर्ण जानकारी लिख पाई या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
रात करीब 10:30 बजे इलाज के दौरान मौत
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे राधिका ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके रिश्तेदार भी अंबिकापुर पहुंचे। युवती की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
CCTV फुटेज ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचाया
वारदात की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नेहरू पार्क के साथ ही आसपास के रास्तों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पार्क में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई। प्रत्यक्षदर्शी आरोपी की स्पष्ट पहचान नहीं कर सके, लेकिन CCTV फुटेज से पुलिस को बाइक सवार युवक के बारे में सुराग मिला।
प्रेम प्रसंग की आशंका, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सूरजपुर कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।











