■ मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
अंबिकापुर @thetarget365 मायके से ससुराल लौटने के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मायके पक्ष ने दहेज के लिए मारपीट कर हत्या तथा साक्ष्य छिपाने के लिए मौत को आत्महत्या का स्वरूप देने का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की है। मृतका के शरीर में चोटों के निशान से स्वजन ने उक्त संदेह जताया है। इधर पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा, पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूर्ण कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिलने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
जानकारी अनुसार झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत थाना मेराल के ग्राम ओखरगाड़ा निवासी बबलू कुमार की बहन रोशनी कुमारी (19) का विवाह दो दिसंबर 2024 को अंबिकापुर के भट्ठापारा निवासी अक्षय पासी से हुआ था। मायके पक्ष का दावा है कि कर्ज में दो लाख रुपये लेकर बतौर दहेज उन्होंने दिया था। हैसियत के अनुरूप सारी व्यवस्था कर सामाजिक परंपरा से विवाह हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद बोलेरो की मांग कर नवविवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
नवविवाहिता रोशनी होली पर्व पर पति के साथ मायके गई थी। 18 मार्च की रात दोनों अंबिकापुर के लिए रवाना हुए थे। 19 मार्च की सुबह लगभग छह बजे दोनों अंबिकापुर पहुंच गए थे, इसकी जानकारी फोन करके रोशनी ने मायके वालों को दी थी। कुछ देर बात मायके वालों को ससुराल से सूचित किया गया कि रोशनी ने फांसी लगा ली है। उसे नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया था। वहां से महिला को मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने नवविवाहिता की मौत हो जाने की जानकारी दी।
सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी अंबिकापुर पहुंच गए थे। मृतका के शरीर में चोट के निशान देखकर मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है उधर ससुराल पक्ष के लोगों ने आरोपों को निराधार बताया है। नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या की जानकारी ससुराल पक्ष के लोगों ने दी है। इस घटना से स्वजन में मातम पसर गया है। उधर मायके पक्ष के लोग मृतका का शव देख बिलख पड़े। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।