Heart Attack : तेजी से बदलती जीवनशैली और तनाव भरी दिनचर्या ने सेहत संबंधी कई गंभीर समस्याओं को जन्म दिया है। डायबिटीज, मोटापा और दिल की बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। आज के समय में हार्ट अटैक एक आम लेकिन बेहद खतरनाक समस्या बन चुकी है, जो किसी भी उम्र के व्यक्ति को अचानक अपना शिकार बना सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि समय रहते हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षणों को पहचान लिया जाए, तो इलाज कर जान बचाई जा सकती है। कई बार शरीर अटैक से एक महीना पहले ही कुछ चेतावनी संकेत देने लगता है, जिन्हें अगर नजरअंदाज किया गया तो यह जानलेवा साबित हो सकता है। आइए जानते हैं वे जरूरी संकेत जिन पर ध्यान देना बेहद जरूरी है:
1. सीने में असहजता या दबाव महसूस होना:
अक्सर हार्ट अटैक से पहले सीने में भारीपन, जलन, दबाव या असहजता महसूस होती है। यह दर्द कुछ मिनटों तक रह सकता है और फिर गायब भी हो सकता है। इसे हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है।
2. थकान महसूस होना:
अगर बिना किसी खास वजह के अत्यधिक थकान या कमजोरी महसूस हो रही है, तो यह दिल की परेशानी का संकेत हो सकता है। विशेष रूप से महिलाओं में यह लक्षण अधिक देखने को मिलता है।
3. सांस लेने में तकलीफ:
हल्की सी मेहनत के बाद भी अगर सांस फूलने लगे या चढ़ाई चढ़ते समय भारीपन महसूस हो तो यह हृदय रोग का लक्षण हो सकता है।
4. अत्यधिक पसीना आना:
अचानक ठंडा पसीना आना, विशेषकर बिना किसी मेहनत या गर्मी के, हार्ट अटैक का एक गंभीर संकेत हो सकता है।
5. चक्कर आना या बेहोशी:
चक्कर आना, हल्का सिर घूमना या बेहोशी महसूस करना भी दिल में ऑक्सीजन की कमी का संकेत हो सकता है।
6. जबड़े, गर्दन या पीठ में दर्द:
केवल सीने में ही नहीं, बल्कि जबड़े, गर्दन, कंधे, पीठ या हाथों में दर्द भी हार्ट अटैक का संकेत दे सकता है, खासकर अगर दर्द अचानक आए और बढ़ता जाए।
7. नींद में दिक्कत:
हार्ट अटैक से पहले कई लोग अनिद्रा, बेचैनी या नींद के दौरान सांस रुकने जैसी समस्याओं का सामना करते हैं।
क्या करें?
अगर उपरोक्त में से कोई भी लक्षण लगातार महसूस हो रहे हैं, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर उपचार से हार्ट अटैक के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके साथ ही नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन भी दिल को स्वस्थ रखने में मददगार हैं।