Tata Group Dispute : देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों में शामिल टाटा ग्रुप के भीतर कॉरपोरेट गवर्नेंस और प्रबंधन के अधिकारों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की पांच साल के लिए दोबारा नियुक्ति का मामला अब बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचने जा रहा है। टाटा ट्रस्ट्स ने 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। ट्रस्ट्स का आरोप है कि प्रस्ताव को पास कराने के लिए इस्तेमाल किया गया चेयरमैन का कास्टिंग वोट कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के प्रावधानों के खिलाफ है। इसी आधार पर वे इस फैसले को अमान्य घोषित कराने की तैयारी में हैं।
टाटा ट्रस्ट्स ने अदालत से मांगी कानूनी राहत
टाटा ट्रस्ट्स से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, ट्रस्ट्स अदालत का रुख कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग 17 सितंबर की बोर्ड बैठक में इस्तेमाल किए गए कास्टिंग वोट पर रोक लगवाना है। इसके लिए सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और रतन टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने सर्कुलर प्रस्ताव पारित किए हैं।इन प्रस्तावों के माध्यम से टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। ट्रस्ट्स अदालत से 17 सितंबर के फैसले को अमान्य घोषित करने और एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से टाटा संस को रोकने की मांग कर सकते हैं।

ट्रस्टियों के बीच भी दो गुटों में बंटा फैसला
इस कानूनी कार्रवाई को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के भीतर भी मतभेद सामने आए हैं। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और रतन टाटा ट्रस्ट, दोनों में अदालत जाने का प्रस्ताव 3:2 के बहुमत से पारित हुआ।SDTT में नोएल टाटा, नेविल टाटा और भास्कर भट ने कानूनी कार्रवाई के समर्थन में मतदान किया, जबकि वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह ने इसका विरोध किया। वहीं, RDTT में नोएल टाटा, माया टाटा और नेविल टाटा ने प्रस्ताव का समर्थन किया। यहां भी वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह इसके खिलाफ रहे।ट्रस्टी विजय सिंह के मुताबिक, उन्होंने और वेणु श्रीनिवासन ने अदालत जाने के प्रस्ताव का विरोध किया है। बताया जा रहा है कि SDTT की ओर से भास्कर भट याचिका दायर कर सकते हैं।

30 नवंबर की बोर्ड बैठक से पहले अंतरिम राहत की तैयारी
टाटा ट्रस्ट्स 30 नवंबर को प्रस्तावित टाटा संस की बोर्ड बैठक से पहले अदालत से अंतरिम राहत चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट्स को आशंका है कि आगामी बैठक में भी विवादित प्रस्तावों को कास्टिंग वोट के जरिए मंजूरी दी जा सकती है।
ट्रस्ट्स चाहते हैं कि अदालत निर्देश दे कि टाटा ट्रस्ट्स के दो नॉमिनी डायरेक्टर्स के बीच असहमति होने पर चेयरमैन के कास्टिंग वोट का इस्तेमाल नहीं किया जाए। 30 नवंबर की बैठक में टाटा संस की संभावित लिस्टिंग, कंपनी के पुनर्गठन और एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के लिए शेयरधारकों की मंजूरी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

17 सितंबर की बैठक में क्या हुआ था?
विवाद की शुरुआत 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक से हुई थी। इस बैठक में एन चंद्रशेखरन को अगले पांच वर्षों के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इससे पहले चंद्रशेखरन संकेत दे चुके थे कि वे 20 फरवरी 2027 के बाद नया कार्यकाल नहीं लेना चाहते।टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 118 और 121 के अनुसार चेयरमैन की नियुक्ति या पुनर्नियुक्ति के लिए ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर्स के बहुमत की सहमति जरूरी है।
कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर टाटा ट्रस्ट्स की आपत्ति
17 सितंबर की बैठक में नोएल टाटा ने पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया था। ट्रस्ट्स का तर्क है कि चेयरमैन का कास्टिंग वोट केवल बोर्ड में बराबर मत पड़ने की स्थिति में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके जरिए नॉमिनी डायरेक्टर्स की सहमति से जुड़ी अनिवार्य शर्त को दरकिनार नहीं किया जा सकता।
बैठक की रिकॉर्डिंग और मिनट्स को लेकर भी विवाद
इस मामले में नोएल टाटा और टाटा संस के बीच पत्राचार भी जारी है। नोएल टाटा ने पुनर्नियुक्ति के कानूनी आधार के साथ कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में प्रस्ताव दाखिल करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बैठक में दर्ज की गई अपनी आपत्तियों पर भी चिंता जताई है।नोएल टाटा ने 17 सितंबर की बैठक की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, मिनट्स और अन्य दस्तावेज मांगे हैं। दूसरी ओर, टाटा संस का कहना है कि बैठक के मिनट्स सभी संबंधित पक्षों के साथ साझा किए गए थे और नोएल टाटा की टिप्पणियों के बाद उनमें संशोधन भी किया गया था। अब इस विवाद का अगला अहम पड़ाव अदालत और 30 नवंबर की बोर्ड बैठक होगी।
Read More : Indian Mortality Study : मुस्लिम पुरुषों और SC महिलाओं के आंकड़ों में क्या सामने आया, स्टडी ने खोले राज

