Temple Darshan Rules : आपने अक्सर देखा होगा कि मंदिर में भगवान के दर्शन करने के बाद कई श्रद्धालु बाहर निकलते ही सीढ़ियों पर कुछ देर बैठ जाते हैं। कुछ लोग आंखें बंद करके ध्यान लगाते हैं, तो कुछ शांत मन से भगवान का स्मरण करते हैं। आमतौर पर लोग इसे एक सामान्य धार्मिक परंपरा समझकर निभाते हैं, लेकिन इसके पीछे गहरा आध्यात्मिक अर्थ छिपा हुआ है। मान्यता है कि मंदिर की सीढ़ियों पर बैठने से भक्त दर्शन के दौरान भगवान के जिस स्वरूप को देखते हैं, उसे अपने मन में उतारने का प्रयास करते हैं। यह परंपरा केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि मन को शांत करने और ईश्वर से आत्मिक जुड़ाव महसूस करने का माध्यम भी मानी जाती है।
भगवान के स्वरूप को मन में बसाने का है भाव
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब भक्त मंदिर में प्रवेश करता है, तो वह आंखें खोलकर भगवान के दर्शन करता है। इस दौरान भगवान का चेहरा, वस्त्र, आभूषण और श्रृंगार देखने का प्रयास किया जाता है। दर्शन करने के बाद जब श्रद्धालु मंदिर से बाहर निकलकर सीढ़ियों पर बैठता है, तो वह आंखें बंद करके उसी दिव्य स्वरूप को याद करता है।

इस परंपरा का मुख्य उद्देश्य भगवान के दर्शन को केवल आंखों तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उनके स्वरूप और आशीर्वाद को अपने मन में अनुभव करना है। कुछ समय शांत बैठकर भक्त इसी आध्यात्मिक अनुभव को महसूस करने की कोशिश करता है।

मंदिर की सीढ़ियां भगवान के चरणों का प्रतीक
एक धार्मिक मान्यता के अनुसार, मंदिर का शिखर भगवान के मुख का प्रतीक माना जाता है, जबकि मंदिर की सीढ़ियों को उनके चरणों से जोड़कर देखा जाता है। यही वजह है कि दर्शन के बाद सीढ़ियों पर बैठना भगवान के चरणों के पास कुछ समय बिताने जैसा माना जाता है।
पुराने समय में मंदिरों को केवल पूजा करने का स्थान नहीं माना जाता था, बल्कि ये ध्यान, साधना और आत्मचिंतन के केंद्र भी हुआ करते थे। इसलिए मंदिर की सीढ़ियों पर कुछ देर बैठने की परंपरा को विशेष आध्यात्मिक महत्व दिया गया।

भगवान का स्वरूप याद करने से जुड़ी है मान्यता
पुरानी धार्मिक परंपराओं में कहा जाता है कि मंदिर में दर्शन करने के बाद भक्त को कुछ समय आंखें बंद करके भगवान के स्वरूप का ध्यान करना चाहिए। यदि आंखें बंद करने पर भगवान का चेहरा और उनका दिव्य स्वरूप याद नहीं आता था, तो श्रद्धालु दोबारा मंदिर में जाकर दर्शन करता था।
इस परंपरा के पीछे एक गहरा संदेश छिपा है। भगवान के दर्शन केवल कुछ क्षणों का अनुभव न बनें, बल्कि उनका स्मरण व्यक्ति के मन में बना रहे। कुछ देर मौन रहकर भक्त अपने भीतर शांति और सकारात्मकता का अनुभव करने का प्रयास करता है।
प्रार्थना में छिपी है जीवन और मृत्यु की अनोखी कामना
मंदिर की सीढ़ियों पर बैठने की परंपरा के साथ एक विशेष संस्कृत प्रार्थना भी जोड़ी जाती है। इस प्रार्थना में व्यक्ति भगवान से अपने जीवन के लिए कुछ महत्वपूर्ण कामनाएं करता है। इसमें भौतिक सुख-सुविधाओं की मांग करने के बजाय सम्मानजनक जीवन, कष्ट रहित मृत्यु और अंतिम समय में ईश्वर का सानिध्य प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की जाती है।
अनायासेन मरणं बिना दैन्येन जीवनम् श्लोक का अर्थ
इस प्रार्थना का भावार्थ है कि हे परमेश्वर! मेरी मृत्यु बिना किसी कष्ट के हो। मेरा जीवन कभी किसी के सामने लाचार या दीन होकर न गुजरे। जब जीवन का अंतिम समय आए, तब मुझे आपका सानिध्य और साथ प्राप्त हो।
इस प्रार्थना में धन-दौलत, गाड़ी, बंगले या सांसारिक सुखों की मांग नहीं की गई है। इसमें केवल सम्मान के साथ जीवन बिताने, शांतिपूर्ण मृत्यु पाने और अंतिम समय में भगवान के करीब रहने की कामना की गई है।
अंतिम समय में भगवान के सानिध्य की कामना
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस प्रार्थना का भाव महाभारत के भीष्म पितामह की अंतिम इच्छा की याद दिलाता है। युद्ध के दौरान बाणों की शय्या पर लेटे भीष्म पितामह के अंतिम समय में भगवान श्रीकृष्ण उनके सामने उपस्थित थे।
भीष्म पितामह ने भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करते हुए अपने प्राण त्यागे थे। इसलिए जीवन के अंतिम समय में ईश्वर का सानिध्य प्राप्त करने की कामना को इस प्रसंग से जोड़कर देखा जाता है।
मंदिर की सीढ़ियां क्यों मानी जाती हैं आध्यात्मिक रूप से खास?
भागदौड़ भरी जिंदगी में कुछ पल का ठहराव
मंदिर की सीढ़ियां केवल ऊपर चढ़ने या नीचे उतरने का रास्ता नहीं हैं। आध्यात्मिक दृष्टि से इन्हें संसार की भागदौड़ और भगवान के धाम के बीच ठहराव का प्रतीक माना जाता है। यहां कुछ समय बैठकर भक्त अपने मन को शांत करता है और दर्शन के दौरान मिले आध्यात्मिक अनुभव को याद करता है।यही वजह है कि मंदिर में दर्शन करने के तुरंत बाद लौटने के बजाय कुछ पल सीढ़ियों पर बैठने की परंपरा आज भी निभाई जाती है। इसका संदेश है कि भगवान को केवल मंदिर में ही नहीं, बल्कि अपने मन में भी स्थान देना चाहिए।

