बलरामपुर @thetarget365 शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने पुणे महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी आनंद विश्वकर्मा 28 वर्ष मूलतः ग्राम भनोरा थाना बलरामपुर का रहने वाला है। वह लगभग एक वर्ष से फरार था।
बलरामपुर थाने में वर्ष 2023 में एक अपराध पंजीकृत किया गया था। युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आनंद विश्वकर्मा के द्वारा वर्ष 2018 से लेकर 2023 तक शादी का प्रलोभन देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाया गया। बाद में शादी करने से इनकार कर जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। प्रकरण की विवेचना पर पीड़िता के अनुसूचित जनजाति का सदस्य होना पाए जाने पर पृथक से अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा भी जोड़ी गई थी।
अपराध पंजीकृत होने के पश्चात आरोपी फरार हो गया था। प्रकरण की विवेचना पूर्ण हो जाने पर आरोपी आनंद विश्वकर्मा के विरुद्ध फरारी में अभियोग पत्र तैयार कर विशेष न्यायालय रामानुजगंज में प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय द्वारा आरोपी के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। थाना प्रभारी बलरामपुर द्वारा सहायक उप निरीक्षक संजय राम थाना बलरामपुर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष टीम तैयार कर आरोपी के संभावित ठिकाने पुणे महाराष्ट्र रवाना किया गया था।
पुलिस टीम द्वारा पुणे में पांच दिन गोपनीय रूप से रुककर फरार आरोपित के ठिकाने की तलाश की जा रही थी। साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी की मदद से आरोपी आनंद विश्वकर्मा को पुणे महाराष्ट्र स्थित सॉफ्टवेयर कंपनी वेस्टिन से गिरफ्तार कर थाना बलरामपुर लाया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल दाखिल किया गया है।