अंबिकापुर। वाड्रफनगर क्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए बिजली तरंगित तार बिछाने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक का साला भी शामिल है। जीजा-साला के साथ दो अन्य युवकों ने शिकार के लिए जंगल में जीआइ तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित कर दिया था। मामले में पुलिस ने कुसफर स्कूलपारा थाना सनावल निवासी राम शरण आयाम 21 वर्ष, कुरलूडीह सनावल निवासी बीरबल उइके 40 वर्ष तथा गौटियापारा वाड्रफनगर निवासी रामसिंह श्यामले 35 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार बीते 14 दिसंबर की सुबह वाड्रफनगर से लगे अजगरा नाले के पास जंगल में जितेन्द्र कुसरो का शव मिला था। उसके शरीर मे जगह-जगह करंट से जलने के निशान थे। घटनास्थल पर भी जीआइ तार व लकड़ी के छोटे-छोटे खूंटे मिले थे। प्रथम दृष्टया ही बिजली करंट से मौत की संभावना जताई जा रही थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक जितेन्द्र कुसरो, उसका साला रामशरण व उसके दो अन्य साथी रामसिंह व बीरबल वाड्रफनगर के पास अजगरा जंगल में जंगली सुअर का शिकार करने गए थे। जंगल से गुजरे 11 हजार केव्ही बिजली लाइन में जीआइ तार फंसाया था। विद्युत की चोरी कर जंगल में ही जगह-जगह खूंटा लगाकर जाल बिछाया था। इसमें 11 हजार वोल्ट का करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान जितेंद्र खुद जीआइ तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से मौके पर ही इसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद उसके साथ जंगल गए तीनों युवक भाग गए थे। स्वजन के साथ पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की थी। जांच में मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपित रामशरण, रामसिंह व बीरबल के विरूद्ध धारा 304 भादवि व धारा 135 विद्युत अधिनियम का अपराध पंजीकृत किया। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक डाकेश्वर सिंह चौकी प्रभारी वाड्रफनगर, एएसआइ राधेश्याम विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार सिंह, रोसमेरी किस्पोट्टा व आरक्षक दुर्योधन सिंह शामिल रहे।
जंगली सुअर के शिकार के लिए बिजली तरंगित तार बिछाने से हुए युवक की मौत के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Leave a comment