अंबिकापुर @thetarget365 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सरगुजा के 7 जिला पंचायत क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस समर्थित 3-3 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं सूरजपुर जिले के पहले चरण में 6 जिला पंचायतों में भाजपा समर्थित 6 प्रत्याशी चुनाव हार गए। जबकि बलरामपुर जिला पंचायत की सभी सीटों पर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
मंत्री क्षेत्रों में भाजपा को करारी शिकस्त
एमसीबी जिले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के गृह जिले खडगवां 1 और खरगवां 2 में भी दोनों सीट भाजपा हार गई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह जिले भटगांव और प्रेमनगर की सारी सीटें भाजपा हार गई। अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में भाजपा को बढ़त मिली है।
सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्रों का परिणाम
सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में भाजपा समर्थित दिव्या सिसोदिया करीब 15 हजार मतों से चुनाव जीत गई हैं। सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 में मतगणना के दौरान जमकर विवाद हुआ। इस क्षेत्र में युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर की पत्नी पायल तोमर को करीब 2400 जीत दर्ज की। कांग्रेस ने इस क्षेत्र की मतगणना को लेकर सवाल उठाया है। सरगुजा के क्षेत्र क्रमांक 3 अंबिकापुर से कांग्रेस समर्थित अनिमा केरकेट्टा करीब 6 हजार मतों से चुनाव में जीत गई हैं। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी फुलेश्वरी सिंह चौथे स्थान पर रही।
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 लखनपुर प्रथम से कांग्रेस समर्थित मोनिका पैकरा 7 हजार मतों से चुनाव जीत गई हैं। यहां पूर्व सांसद कमलभान सिंह के बेटे देवेंद्र सिंह सहित 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 लखनपुर द्वितीय से भाजपा समर्थित विजय अग्रवाल ने करीब 8 हजार मतों से जीत दर्ज की है। यहां दूसरे स्थान पर भाजपा के बागी कामेंद्र राजवाड़े रहे।
सरगुजा जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 6 से राधा रवि करीब 6 हजार मतों से जीत गई हैं। राधा रवि कांग्रेस नेत्री थीं। उदयपुर के दोनों सीटों पर सहमति नहीं बनने के कारण कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया था। राधा रवि ने जीत के बाद भाजपा का दामन थाम लिया है। सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से निर्दलीय रमुनिया देवी ने बढ़त बनाई है। वे कांग्रेस विचारधारा की हैं। कांग्रेस ने इस सीट पर भी समर्थित प्रत्याशी घोषित नहीं किया था।
मतगणना विवादों के बीच कांग्रेस ने निष्पक्षता पर उठाए सवाल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने अंबिकापुर के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 में निष्पक्ष मतगणना नहीं करने का आरोप लगाया है। मतगणना केंद्रों में देर रात तक निर्धारित फार्मेट में सर्टिफिकेट नहीं दिए गए। अलग-अलग सर्टिफिकेट दिए गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि टेबुलेशन के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जनपदों की स्थिति
सरगुजा में पहले चरण में तीन जनपदों में चुनाव हुए हैं। इनमें अंबिकापुर जनपद में भाजपा-कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। बहुमत अंतिम परिणाम के बाद स्पष्ट हो सकेगा। लखनपुर में भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। उदयपुर क्षेत्र में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने बढ़त बनाई है।
सूरजपुर में भाजपा समर्थित सभी 6 प्रत्याशी हारे
महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह जिले सूरजपुर में भाजपा समर्थित सभी 6 प्रत्याशी जिला पंचायत का चुनाव हार गए हैं। हालांकि दो सीटों में भाजपा के बागियों को जीत मिली है। यहां कांग्रेस समर्थित तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। एक निर्दलीय कांग्रेस समर्थित है। जहां चुनाव हुए, वे भटगांव व प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र की सीटें हैं।
सूरजपुर जिले का परिणाम
सूरजपुर के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 सूरजपुर प्रथम से कांग्रेस समर्थित योगेश्वरी लक्ष्मण राजवाड़े ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा की घोषित समर्थित प्रत्याशी पुष्पा सिंह चुनाव हार गई हैं। सूरजपुर के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2, सूरजपुर द्वितीय से निर्दलीय कलेश्वरी कुर्रे ने भाजपा समर्थित तुलसी चौधरी ने चुनाव जीता है। सूरजपुर के क्षेत्र क्रमांक 3, सूरजपुर तृतीय से कांग्रेस समर्थित नरेंद्र यादव ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा समर्थित अनूप सिन्हा चुनाव हार गए हैं।
जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 4, सूरजपुर चतुर्थ से भाजपा की समर्थित प्रत्याशी कौशल्या सिंह चुनाव हार गई हैं। यहां से भाजपा की ही बागी किरण केराम ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 7 भैयाथान प्रथम से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी मार्तंत साहू चौथे स्थान पर हैं। क्षेत्र क्रमांक 8, भैयाथान द्वितीय से भाजपा के बागी गिरीश गुप्ता चुनाव जीत गए हैं। भाजपा के समर्थित प्रत्याशी भटगांव के भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता पांचवें स्थान पर रहे। चुनाव में सूरजपुर जनपद में भाजपा को बहुमत मिलने के आसार हैं। वहीं भैयाथान में कांग्रेस एवं भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है।
बलरामपुर जिले में भाजपा का दबदबा
बलरामपुर जिले के क्षेत्र क्रमांक 9 चांदो से भाजपा समर्थित संजीता नाग ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 10 कुसमी से हीरामुनि निकुंज ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 11 शंकरगढ़ प्रथम से भाजपा समर्थित गीता पैकरा ने जीत दर्ज की है। जिला पंचायत क्षेत्र राजपुर प्रथम (कोदौरा) में भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया था, लेकिन यहां भाजपा से जुड़े रवि मराबी ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 14 राजपुर द्वितीय (चौरा) से भाजपा समर्थित अनार सिंह मराबी ने जीत दर्ज की है।
शंकरगढ़ के क्षेत्र क्रमांक 12 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सुधेश पैकरा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। यहां भाजपा विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के पति व पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे तो सुधेश पैकरा ने उन्हें समर्थन दे दिया। यहां पूर्व सांसद काका लरंगसाय के नाती धमेंद्र पैकरा भी चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों में किसी की भी जीत हो, वे भाजपा समर्थित हैं। कांग्रेस से यहां महेश्वर पैकरा चुनाव मैदान में हैं।