TN Election 2026
TN Election 2026: अप्रैल और मई में होने वाले पांच विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस आलाकमान ने बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया है। शनिवार शाम को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे तमिलनाडु कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक के बाद कांग्रेस की आगामी रणनीति और तमिलनाडु में गठबंधन को लेकर सस्पेंस समाप्त हो सकता है।तमिलनाडु में कांग्रेस का डीएमके के साथ लगभग दो दशकों से गठबंधन रहा है। लेकिन अब कांग्रेस में कुछ नेता अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके (थलपति विजय कलेक्टिव) के साथ गठबंधन की पैरवी कर रहे हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि क्या कांग्रेस अपने पुराने सहयोगी डीएमके से किनारा कर, नई पार्टी टीवीके के साथ गठबंधन करेगी।
दरअसल, तमिलनाडु में डीएमके के साथ कांग्रेस का गठबंधन केवल चुनाव तक सीमित रहता है, लेकिन अब कांग्रेस सत्ता में हिस्सेदारी की मांग कर रही है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने डीएमके से कम से कम छह मंत्री पदों की मांग की है। हालांकि, डीएमके ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस को सरकार में शामिल करने की कोई गुंजाइश नहीं है।सत्ता में हिस्सेदारी के साथ-साथ सीटों के बंटवारे को लेकर भी कांग्रेस और डीएमके के बीच बात नहीं बन रही। 2021 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 25 सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार कांग्रेस ज्यादा सीटों की उम्मीद कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके केवल 19 सीटें देने को तैयार है, जबकि कांग्रेस 35 सीटों की मांग कर रही है।
कांग्रेस के उच्च सूत्रों के अनुसार, टीवीके कांग्रेस को 60 से ज्यादा सीटें देने के साथ सरकार में हिस्सेदारी की भी पेशकश कर रही है। टीवीके की लोकप्रियता और चुनावी प्रदर्शन के कारण कांग्रेस इसे एक आकर्षक विकल्प मान रही है।कांग्रेस के सर्वे में टीवीके को 30% वोट मिलने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस को लगता है कि विजय की लोकप्रियता की मदद से वह तमिलनाडु में डीएमके के “चंगुल” से बाहर निकल सकती है। इसके अलावा, विजय की सशक्त उपस्थिति के कारण कांग्रेस को दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी फायदा हो सकता है, खासकर केरल में ईसाई समुदाय के बीच।
राहुल गांधी ने हाल ही में विजय की फिल्म “जन नायकन” के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। इससे पहले, राहुल गांधी ने करूर भगदड़ के बाद विजय से फोन पर बात की थी। कांग्रेस के करीबी नेता प्रवीण चक्रवर्ती ने भी विजय से मुलाकात की और डीएमके सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाए थे।
कांग्रेस आलाकमान का रुख इस समय स्पष्ट नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पार्टी उस गठबंधन से जुड़ने को प्राथमिकता देगी जहां बेहतर “डील” मिल सके। हालांकि तमिलनाडु के ज्यादातर नेता डीएमके के साथ बने रहने की बात कर रहे हैं। शनिवार को राहुल गांधी और खरगे की बैठक में डीएमके के साथ सीट बंटवारे और सत्ता में साझेदारी के मुद्दे पर चर्चा होगी, साथ ही टीवीके के साथ गठबंधन का मुद्दा भी सामने आ सकता है।
कांग्रेस के लिए पुराने सहयोगी डीएमके को छोड़ना आसान नहीं होगा। जानकारों का मानना है कि कांग्रेस टीवीके के साथ गठबंधन के नाम पर डीएमके पर दबाव बना रही है। तमिलनाडु में कांग्रेस का जनाधार कमजोर हो चुका है, और डीएमके की बदौलत ही यूपीए ने पिछले दो लोकसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की थी। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान राज्य के हितों को ध्यान में रखते हुए डीएमके के साथ गठबंधन बनाए रख सकता है।
FIFA World Cup 2026 : दुनिया के सबसे बड़े और लोकप्रिय खेल टूर्नामेंट, फीफा वर्ल्ड…
Red Fort Blast Case : 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के…
HBSE 10th Result 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने 10वीं कक्षा के उन…
Keralam CM News 2026: कांग्रेस पार्टी ने लंबे विचार-विमर्श और मंथन के बाद गुरुवार को…
Coal Gasification : हर आपदा अपने साथ सुधार और आत्मनिर्भरता का एक नया अवसर लेकर…
UN Resolution Against Iran : संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के राजदूत माइक वाल्ट्ज़ ने अंतरराष्ट्रीय…
This website uses cookies.