Pratappur News : सूरजपुर जिले की चंदौरा पुलिस ने एक ओवरलोड वाहन पर बीस हजार रुपए का भारी-भरकम जुर्माना अधिरोपित किया है। पुलिस ने यह जुर्माना मोटरयान अधिनियम के तहत अधिरोपित किया गया है।

बता दें कि रविवार 16 फरवरी को महाशिवरात्रि का पावन पर्व है और इस दिन क्षेत्र के सारासोर व शिवपुर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना होगा। साथ ही इन दोनों ही स्थानों में मेले का भी आयोजन होगा। इस दौरान हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही भी लगी रहेगी जिससे यातायात पर भी भारी दबाव बना रहेगा। इसी को देखते हुए सूरजपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने चंदौरा पुलिस को अलर्ट मोड में रहते हुए यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश के पालन में शनिवार को चंदौरा थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ वाहनों की चेकिंग में लगे हुए थे। इसी दौरान एक फर्नीचर लोड वाहन क्रमांक MP 20 ZD 7239 आता दिखाई दिया। वाहन को रोककर जांच की गई तो पाया गया कि वाहन की वास्तविक ऊंचाई से दोगुनी ऊंचाई तक फर्नीचर लोड कर यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया है।
जिसके बाद थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने वाहन चालक महताब अली पिता तैयब अली उम्र 27 वर्ष निवासी आधारताल रामनगर जबलपुर के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 194 (1क) के तहत कार्रवाई करते हुए बीस हजार रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया है।

















