UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। इस बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट संदेश दिया कि समाजवादी पार्टी के साथ सीटों का बंटवारा सम्मानजनक होना चाहिए। कांग्रेस चाहती है कि गठबंधन में पार्टी के हितों और राजनीतिक मजबूती का पूरा ध्यान रखा जाए।बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी बोले- सम्मानजनक सीट बंटवारे के लिए पूरी आजादी
बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत के दौरान कांग्रेस के हितों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे में सम्मान और बराबरी का ध्यान रखा जाना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने नेताओं से कहा कि सम्मानजनक समझौते के लिए वे हरसंभव प्रयास करें। जरूरत पड़ने पर ही वह खुद बातचीत में हस्तक्षेप करेंगे।

प्रियंका गांधी संभालेंगी सीट बंटवारे की पूरी कमान
कांग्रेस की बैठक में एक महत्वपूर्ण फैसला यह भी लिया गया कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की बातचीत की निगरानी प्रियंका गांधी करेंगी। पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो सीटों के बंटवारे और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सपा के साथ समन्वय स्थापित करेगी।

इस समिति में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है। समिति बातचीत की प्रगति और महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी लगातार प्रियंका गांधी को देगी।
दिसंबर से चुनाव प्रचार शुरू करने की तैयारी
कांग्रेस नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश के नेताओं को दिसंबर से चुनाव प्रचार की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी चाहती है कि गठबंधन की बातचीत पूरी होने के साथ ही चुनावी अभियान को गति दी जाए। बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ संयुक्त प्रचार कार्यक्रम तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक, सीटों का बंटवारा अंतिम रूप लेने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक साथ चुनाव प्रचार कर सकते हैं। दोनों नेताओं की संयुक्त रैलियों और कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति बनाई जा सकती है।
कांग्रेस मुख्यालय में नेताओं ने बनाई आगे की रणनीति
राहुल गांधी की बैठक के बाद कांग्रेस के प्रदेश नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में अलग से चर्चा की। इसमें प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत और सीएलपी नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।
बैठक में सपा के साथ होने वाली बातचीत में कांग्रेस की ओर से मांगी जाने वाली सीटों, दिसंबर से प्रचार अभियान शुरू करने और सोशल मीडिया रणनीति पर विचार किया गया। पार्टी नेताओं ने गठबंधन वार्ता के लिए अपनी प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की।
17 नवंबर को सपा-कांग्रेस के बीच पहली बैठक
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच मंगलवार, 17 नवंबर को सीट बंटवारे पर पहली बैठक प्रस्तावित है। कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद बातचीत में शामिल होंगे।
इस बैठक में कांग्रेस अपनी सीटों की मांग और गठबंधन की शर्तों को सामने रखेगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच कितनी सीटों पर सहमति बनती है और गठबंधन का चुनावी स्वरूप क्या रहता है।

