Friend Wife Relationship: आमतौर पर पति-पत्नी के विवादों में मारपीट, तलाक या घरेलू हिंसा की खबरें सामने आती हैं, लेकिन बाराबंकी से आया यह मामला बिल्कुल अलग है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर दबाव बनाया कि वह उसके दोस्त के साथ पति-पत्नी की तरह रहे और कोर्ट मैरिज कर ले। वहीं, खुद वह दोस्त की पत्नी के साथ पिछले चार महीने से रह रहा है। यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
मामला क्या है?
बाराबंकी जिले में रहने वाले अनूप नामक युवक ने अपनी पत्नी को जबरन अपने दोस्त पप्पू के साथ रहने के लिए मजबूर किया है। वहीं, अनूप खुद भी पप्पू की पत्नी सविता के साथ पिछले चार महीनों से रह रहा है। पप्पू का आरोप है कि अनूप ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली। पप्पू ने बताया कि जब भी वह अनूप की पत्नी को उसके घर भेजता, अनूप उसके साथ मारपीट करता और इस पूरे घटनाक्रम में उसकी पत्नी सविता भी अनूप का साथ देती।
अनूप की पत्नी ने किया खुलासा
अनूप की पत्नी, जो लोनी कटरा की रहने वाली है, ने बताया कि उसकी शादी अनूप से दो साल पहले हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद अनूप उसके साथ मारपीट करने लगा। झगड़े से परेशान होकर अनूप उसे मायके छोड़ आया था, जहां वह डेढ़ साल तक रही। परिजनों ने समझा-बुझाकर उसे दोबारा ससुराल भेजा, लेकिन वहां लौटते ही अनूप ने उस पर दबाव डालना शुरू कर दिया। महिला ने कहा,
“अनूप मुझे धमकाता है कि मेरे घर में तुम्हारे लिए कोई जगह नहीं है। तुम्हें पप्पू के साथ ही पति-पत्नी की तरह रहना होगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है।”
दोस्त की पत्नी संग बने संबंध
पप्पू ने आगे बताया कि जब वह घर पर नहीं होता था तो अनूप अक्सर उसके घर आता था। इसी दौरान उसकी पत्नी सविता और अनूप के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच संबंध बन गए। अब अनूप किसी भी कीमत पर सविता को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है और दोनों पिछले चार महीने से साथ रह रहे हैं। पप्पू के मुताबिक, उसकी पत्नी ने भी उस पर दबाव डाला कि वह अनूप की पत्नी से कोर्ट मैरिज कर ले। इतना ही नहीं, उसने उसे 10 हजार रुपये भी दिए ताकि वह इस रिश्ते को मान्यता दे।
अहमदाबाद में करते हैं नौकरी
पुलिस जांच में सामने आया कि अनूप और पप्पू दोनों पिछले सात साल से अहमदाबाद में नौकरी कर रहे हैं और दोनों के घरों की दूरी वहां मात्र 200 मीटर है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं, इसी वजह से परिवारों के बीच आना-जाना था। पप्पू की शादी सात साल पहले हुई थी, जबकि अनूप ने दो साल पहले शादी की थी।
पुलिस की कोशिश नाकाम
पुलिस ने बताया कि इस मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। दोनों महिलाएं और उनके पति अब अलग-अलग पक्षों पर अड़े हुए हैं। फिलहाल मामला पुलिस और सामाजिक पंचायत दोनों स्तरों पर चर्चा में है। स्थानीय लोग भी इसे लेकर तरह-तरह की राय दे रहे हैं। बाराबंकी का यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। लेकिन इसमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कानूनन और सामाजिक दृष्टि से इस रिश्ते को कैसे स्वीकार किया जाएगा। पुलिस और पंचायत की जांच के बाद ही तय होगा कि इस विवाद का अंत किस दिशा में जाएगा।
Read More : Elephant Human Conflict : जशपुर में हाथी हमले से मौत के बाद मुआवजे पर विवाद, 6 महिलाएं बता रहीं खुद को मृतक की पत्नी, वन विभाग उलझा