डेस्क@thetarget365 : अप्रैल की हल्की ठंडक और बसंत की रंगीन छांव के बीच, हिमालय की बर्फीली चोटियों, सेब के पेड़ों की गुलाबी चादर और हरे-भरे मैदानों का मनोरम दृश्य अब सिर्फ कल्पना नहीं रहेगा। अब यह सब संभव होगा — भारत की सबसे उन्नत वंदे भारत एक्सप्रेस में बैठकर, जो जल्द ही कश्मीर घाटी की बर्फीली वादियों में दौड़ने वाली है।
जैसे ही ट्रेन पहलगाम की वादियों से गुज़रेगी, दूर-दूर तक फैली हरियाली, चीड़ के घने जंगल और चरवाहों की जीवन झलकियों से सजी यह यात्रा, हर यात्री को प्रकृति के सान्निध्य का अद्भुत अनुभव कराएगी। देवदार की खामोशी को चीरती यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन तकनीक और प्रकृति के संगम का जीवंत उदाहरण होगी।
इंजीनियरिंग का अद्वितीय चमत्कार
“मेक इन इंडिया” के तहत चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) द्वारा निर्मित यह ट्रेन आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस है। इसकी डिज़ाइन और संरचना विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर की विषम भौगोलिक व जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखकर की गई है, ताकि यात्रियों को हर मौसम में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा प्रदान की जा सके।
कश्मीर के लिए खास क्यों है यह वंदे भारत?
कश्मीर घाटी की जटिल जलवायु चुनौतियों से निपटने हेतु यह ट्रेन कई विशेष तकनीकों से सुसज्जित है:
- सिलिकॉन हीटिंग पैड्स: शून्य से नीचे तापमान में भी वॉटर और बायो-टॉयलेट टैंकों में पानी को जमने से रोकते हैं। इनमें ओवरहीट प्रोटेक्शन सेंसर भी लगे हैं।
- हीटेड प्लंबिंग पाइपलाइन: सेल्फ-रेगुलेटेड हीटिंग केबल्स से युक्त यह सिस्टम पानी के प्रवाह को सुनिश्चित करता है।
- ऑटो-ड्रेनिंग मैकेनिज्म: पाइपलाइन में पानी के जमने की आशंका को समाप्त करता है, जिससे संचालन बाधित नहीं होता।
ड्राइवर की सुरक्षा और संचालन की सुविधा भी खास
- एंबेडेड हीटिंग एलिमेंट: फ्रंट लुकआउट ग्लास में लगे यह तत्व विंडशील्ड को डी-फ्रॉस्ट कर स्पष्ट विज़न प्रदान करते हैं।
- एंटी-स्पॉल लेयर: बर्फबारी और तूफ़ानी मौसम में चालक की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
- वर्क एनवायरनमेंट: कोच डिज़ाइन इस तरह से किया गया है कि चालक और अन्य कर्मचारियों को सर्द मौसम में भी सुविधा मिले।
उन्नत तकनीक और सुविधा से भरपूर ट्रेन
- एयर ड्रायर सिस्टम: एयर ब्रेक प्रणाली की कार्यक्षमता सर्द मौसम में भी बनी रहती है।
- HVAC डक्ट्स: ट्रेन को पूर्णतया वातानुकूलित बनाते हैं
- 5 kVA ट्रांसफॉर्मर: अति ठंड में ट्रेन के संचालन को सुनिश्चित करता है।
- आधुनिक यात्री सुविधाएँ: चौड़े गैंगवे, स्वचालित दरवाजे, मोबाइल चार्जिंग, इंफोटेनमेंट सिस्टम, सीसीटीवी आदि यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव कराते हैं।
रेल यात्रा में ऐतिहासिक बदलाव
वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत न केवल तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक है, बल्कि यह कश्मीर घाटी में पर्यटन और यात्री सुविधा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। यह ट्रेन बर्फबारी, कठोर सर्दी और पहाड़ी बाधाओं के बावजूद हर मौसम में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।
इसकी बदौलत न केवल यात्रियों को अत्याधुनिक और समयबद्ध यात्रा का अनुभव मिलेगा, बल्कि कश्मीर घाटी के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। यह सेवा भारत की रेल प्रणाली को नई ऊँचाईयों तक पहुँचाने का कार्य करेगी।