■ निगम प्रशासन, महापौर, सभापति और पार्षदों ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था का किया निरीक्षण
अंबिकापुर @thetarget365 स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में देश में फिर से शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए अंबिकापुर नगर निगम पूरी ताकत से जुट गया है। नगर निगम प्रशासन, महापौर, सभापति और पार्षद शहर में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।
रविवार को महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप सहित कई पार्षदों और अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों, नालियों, सड़कों और SLRM केंद्रों की व्यवस्था को परखा गया और आवश्यक निर्देश दिए गए।
शौचालय और SLRM केंद्रों का निरीक्षण
टीम ने सबसे पहले कंपनी बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय का जायजा लिया, जहां मरम्मत कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही, सभी सार्वजनिक शौचालयों को दिव्यांग-अनुकूल बनाने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद SLRM केंद्रों का निरीक्षण किया गया। वर्तमान में 8 केंद्रों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। महापौर और सभापति ने स्वच्छता दीदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने बताया कि वार्डों में कई किरायेदार कचरे का सही तरीके से पृथक्करण नहीं करते, जिससे दीदियों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। साथ ही, यूजर चार्ज की बकाया राशि भी अधिक हो रही है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर और सभापति ने नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आग्रह किया कि घरों और संस्थानों में दो डस्टबिन का उपयोग करें और गीले, सूखे, हानिकारक व सेनेटरी कचरे को अलग-अलग दें। साथ ही यूजर चार्ज का नियमित भुगतान करें ताकि सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
नगर निगम आयुक्त ने सभी सार्वजनिक शौचालयों और SLRM केंद्रों की मरम्मत जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद श्वेता गुप्ता, मनोज कंसारी, जितेंद्र सोनी, सुमन कंसारी, प्रियंका गुप्ता, शशिकांत जायसवाल, दीपक यादव, रविकांत उरांव, राहुल त्रिपाठी, मधु चौदहा, नीलम रजवाड़े, प्रियंका चौबे, विकास गुप्ता सहित नगर निगम के अभियंता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, सहायक अभियंता, उप अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।