■ भाजपा पर्यवेक्षक शिवरतन शर्मा ने बीजेपी पार्षदों से की रायशुमारी
अंबिकापुर @thetarget365 आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में भाजपा पर्यवेक्षक विधायक शिव रतन शर्मा के मुख्य आतिथ्य में नगर पालिक निगम अंबिकापुर में सभापति चयन हेतु भाजपा पार्षद दल की बैठक सम्पन्न हुई। भाजपा जिला संगठन प्रभारी ज्योति नंद दुबे, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लूंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, अखिलेश सोनी, अनिल सिंह मेजर, महापौर मंजूषा भगत, कमल भान सिंह तथा ललन प्रताप सिंह की उपस्थिति में सभापति चुनाव हेतु प्रदेश संगठन से नियुक्त पर्यवेक्षक शिवरतन शर्मा ने सभी भाजपा पार्षदों से अलग अलग रायशुमारी की।
इस अवसर पर उपस्थित पार्षद दल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार नगरीय निकाय चुनाव में हमें जनता जनार्दन ने भरपूर आशीर्वाद देकर एतिहासिक जीत दिलाई है, अब हमें इस जीत का सम्मान करते हुए आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। अंबिकापुर नगर निगम में सभापति चयन की प्रक्रिया जल्द ही पूर्ण कर हमें अंबिकापुर नगर के विकास को डबल इंजन की भाजपा सरकार के साथ तीव्र गति से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश सोनी ने किया। इस अवसर पर भाजपा अभिमन्यु गुप्ता, देव नाथ पैकरा, अंबिकेश केशरी, आलोक दुबे तथा विनोद हर्ष सहित भाजपा के सभी नवनिर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पार्षद दल को भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभापति की कुर्सी का फैसला कर अंबिकापुर नगर के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।
यह खबर भी पढ़ें..
निगम के निर्वाचित मेयर और भाजपा पार्षदों ने लिया शपथ, कांग्रेसी पार्षद कल लेंगे शपथ
नगर निगम चुनाव में इस बार महापौर के साथ भाजपा के 31 पार्षद भी निर्वाचित होकर आए हैं। पहली बार भारी भरकम टीम के साथ महिला महापौर मंजूषा भगत को नेतृत्व मिला है। नगर निगम में सभापति की कुर्सी के लिए चुनाव जीतकर आए कुछ वरिष्ठ पार्षद दौड़ में शामिल हैं। नगर निगम में सभापति की कुर्सी को काफी मजबूत माना जाता है। किसकी होंगी सभापति की कुर्सी फैसला जल्द ही होने वाला है।
नगर निगम सभापति की दौड़ में जो नाम सामने आ रहे हैं उनमें लगातार छठवीं बार पार्षद निर्वाचित हुए वरिष्ठ नेता आलोक दुबे, पूर्व सभापति को हरा कर दूसरी बार निर्वाचित होकर आए मनीष सिंह और संघ और भाजपा से लंबे समय से जुड़े तीसरी बार निर्वाचित होकर आए पार्षद हरमिंदर सिंह टिन्नी का नाम सामने आ रहा है।

ऐसे में संगठन के करीबी पार्षदों में मनीष सिंह का नाम सामने आ रहा है। मनीष सिंह पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह के सुपुत्र हैं। जनसंघ के बाद भाजपा से इनका परिवार कई पीढियों से जुड़ा है। इस बार देवीगंज वार्ड से इनका मुकाबला कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व सभापति अजय अग्रवाल से था। मनीष सिंह हाई प्रोफाइल इस वार्ड से चुनाव जीतकर आए हैं और भाजपा संगठन की पसंद भी हैं। यह भी चर्चा है कि सभापति को पराजित करने वाले को ही सभापति की कुर्सी दी जा सकती है।

आलोक दुबे विधानसभा चुनाव के दौरान अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र से तीन-चार प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। टिकट पाने में सफल नहीं हुए पर भाजपा में शामिल होने के बाद वे पिछले कई वर्षों से लगातार शहर के ज्वलंत मुद्दे व मामलों को उठाने में खासे चर्चा में रहे हैं। अपने वार्ड से भी लगातार भारी मतों से जीतते आ रहे हैं। शहर में भाजपा के जितने लोगों ने चुनाव जीता है उनमें सर्वाधिक मतों से जीतने वाले आलोक दूबे दूसरे पार्षद हैं। साथ ही वे कानूनी जानकार भी हैं।

हरमिंदर सिंह टिन्नी के नाम पर भी चर्चाएं हैं संघ और भाजपा से जुड़ा उनका परिवार शहर में अपनी एक अलग छवि के लिए जाना जाता है। वे भी तीसरी बार पार्षद निर्वाचित होकर निगम में आये हैं और संगठन के लोगों से उनका तालमेल भी बहुत अच्छा है।